सरधना। चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग से जल लेकर गुजरते शिवभक्त। संवाद
सरधना। सावन मास की भक्ति और आस्था से सराबोर चौधरी चरण सिंह कांवड़ मार्ग शनिवार को शिवभक्तों के जत्थों से गुलजार रहा। हरिद्वार से जल लेकर लौटते कांवड़ियों ने जैसे ही गंगनहर पटरी मार्ग पर कदम बढ़ाए, पूरा वातावरण ‘हर-हर महादेव’, ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से गूंज उठा। बारिश और भीड़ के बावजूद शिवभक्तों की आस्था अडिग दिखाई दी और मार्ग पर छाया केसरिया रंग एक भक्ति की लहर की तरह प्रतीत हो रहा था।
राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, और यूपी के विभिन्न जिलों से आए कांवड़िये, गंगाजल से भरी कांवड़ लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर नृत्य-गान करते हुए बढ़ते नजर आए। कांवड़ मार्ग पर लगे डीजे सिस्टम पर भोलेनाथ के भजनों और भक्ति गीतों की गूंज से माहौल शिवमय बना रहा। कई भक्त अपने वाहनों को रंग-बिरंगी लाइटों और भगवान शिव के स्वरूपों से सजाकर यात्रा पर निकले हैं। तिरंगे से सजी कांवड़ देशभक्ति और आस्था का सुंदर संगम दिखा रही हैं।
कांवड़ियों की सेवा में जुटे लोग
सलावा से लेकर भलसोना तक नहर पटरी मार्ग पर जगह-जगह सेवा शिविरों का आयोजन किया गया है। श्रद्धालु कांवड़ियों के स्वागत में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। शिविरों में निःशुल्क जल, फल, शीतल पेय, प्रसाद आदि वितरित किए जा रहे हैं। राहगीरों और कांवड़ियों को विश्राम की व्यवस्था भी की गई है।