मेरठ। शहर रामलीला कमेटी की ओर से भरत मिलाप लीला का मंचन किया गया। अयोध्या लौटने पर भरत से मिलाप का दृश्य देखकर दर्शक भावुक हो गए। मंचन के दौरान रामलीला में श्रीराम के जयकारे गूंजते रहे। इसके साथ ही मुख्य बाजारों से शोभायात्रा निकाली गई।
भरत मिलाप कार्यक्रम के दौरान बजरंग बली पैदल सनातन धर्म मंदिर बुढ़ाना गेट से सुभाष बाजार, तहसील, गुदड़ी बाजार, बजाजा, सराफा होते हुए अनाज मंडी पहुंचे। भरत जी का जुलूस शहर अनाज मंडी से कबाड़ी बाजार होते हुए शारदा रोड पहुंचा। श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण का जुलूस भी शिव मंदिर से शारदा रोड तक पहुंचा।
भरत मिलाप आयोजन समिति के मुख्य संयोजक राकेश गौड़, अध्यक्ष विनीत गोयल, महामंत्री अतुल दीक्षित, कोषाध्यक्ष अमन सिंघल, संयोजक दीपक राजपूत, यात्रा संयोजक सौरभ प्रजापति ने श्रीराम की आरती की। संचालन राकेश गौड़ ने किया। मुख्य अतिथि महापौर हरिकांत अहलूवालिया, मनीष शर्मा, कमल दत्त शर्मा रहे। सभी अतिथियों का स्वागत पटका, माला और पगड़ी पहनाकर किया गया।
वहीं, प्रभु श्रीराम, भरत, लक्ष्मण, शत्रुघ्न और बजरंग बली का डोला शहर में विभिन्न स्थानों से होकर निकला। यह शोभायात्रा कबाड़ी बाजार, अनाज मंडी, वैली बाजार, घंटाघर, खैरनगर बाजार, सत्यम प्लाजा होते हुए बैंडबाजे के साथ सनातन धर्म मंदिर पर संपन्न हुई।
इसमें मुख्य आकर्षण राजा राम के दर्शन, आतिशबाजी, फूलों की बौछार और दिव्य संवाद रहा। रामलीला कमेटी के अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने बताया पांच अक्तूबर को सनातन धर्म मंदिर बुढ़ाना गेट से शाम छह बजे भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस अवसर पर मनोज गुपता, उत्सव शर्मा, मनोज अग्रवाल, योगेंद्र अग्रवाल, आलोक गुप्ता, रोहताश प्रजापति, राकेश शर्मा, अंबुज गुप्ता, दिनेश, हरिओम, शिवनीत सहित अन्य मौजूद रहे।
शहर रामलीला कमेटी की शोभायात्रा में श्री राम का हुआ राजतिलक व राज्याभिषेक.....संवाद
शहर रामलीला कमेटी की शोभायात्रा में श्री राम का हुआ राजतिलक व राज्याभिषेक.....संवाद