दो दिवसीय चौधरी हरि सिंह मेमोरियल वॉलीबाल चैंपियनशिप का शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
सरूरपुर। दो दिवसीय चौधरी हरि सिंह मेमोरियल वॉलीबाल चैंपियनशिप का गांव भूनी स्थित कदम रिसोर्ट्स में बुधवार को शुभारंभ हुआ। बुधवार को आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि योगेंद्र पाल सिंह, अंतरराष्ट्रीय वॉलीबाल खिलाड़ी संसार सिंह और अंकुर चौधरी ने किया।
गांव भूनी स्थित कदम पब्लिक स्कूल द्वारा आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच अंडर 17 के अंतर्गत केके पब्लिक स्कूल व द आर्यांश के बीच खेला गया। इसमें द आर्यांश ने पहला सेट 25-22 और दूसरा सेट 25-11 से जीतकर मैच अपने नाम किया। दूसरे मुकाबले में न्यू इरा वर्ल्ड स्कूल व दर्शन अकादमी मेरठ के बीच हुआ। इसमें न्यू इरा वर्ल्ड स्कूल ने पहला सेट 2-0 और दूसरा सेट 25-20 से जीतकर मैच अपने नाम किया।
अंडर 14 के अंतर्गत पहला मुकाबला न्यू इरा वर्ल्ड स्कूल और कृष्णा पब्लिक स्कूल मेरठ के बीच हुआ। इसमें न्यू इरा वर्ल्ड स्कूल ने 2-0 से जीत प्राप्त की। दूसरा मुकाबला एसडी इंटर काॅलेज मेरठ व गुरुकुल देव ऋषि के बीच हुआ। इसमें एसडी इंटर कॉलेज ने 2-0 से जीत हासिल की।
इस दौरान राहुल केसरवानी, अनुज शर्मा, अक्षय सिंह, आशीष गुप्ता, प्रतीश ठाकुर, डीपी सिंह, पूर्व विधायक जीतेंद्र सिंह सतवाई मौजूद रहे। स्कूल प्रबंधक संजीव चौधरी, चेयरमैन ओमकार चौधरी, प्रधानाचार्य डॉ. पारुल चौधरी, उप प्रधानाचार्य नवजोत ने अतिथियों का स्वागत किया। इससे पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों द्वारा गणेश वंदना, आकर्षक डंबल ड्रिल तथा योग एक्ट के माध्यम से की गई।