कंकरखेड़ा (मेरठ)। थाना क्षेत्र के एक क्षेत्र में किराएदार ने बृहस्पतिवार रात घर के बाहर खेल रही 10 वर्षीय बच्ची को बाथरूम में खींच लिया। उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। परिजनों ने दरवाजा तोड़कर बच्ची को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया और पीटकर पुलिस को सौंप दिया। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज न्यायालय में पेश कर दिया।
अंबेडकर रोड निवासी पीड़ित ने थाने पर केस दर्ज कर बताया कि वह मजदूरी करता है और किराए पर रहता है। रात के समय उनकी बेटी घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान मकान में रहने वाले दूसरे किराएदार नकुल ने बेटी को अपने बाथरूम में खींच लिया। आरोपी ने बच्ची के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। जब कभी देर तक बच्ची घर में नहीं आई तो परिजनों ने बच्चों की तलाश की। इस दौरान पीड़ित परिवार ने आरोपी का बाथरूम चेक किया, जो अंदर से बंद था। कई बार आवाज लगाने के बाद भी आरोपी ने बाथरूम का दरवाजा नहीं खोला। वहीं बच्ची ने अंदर से शोर मचा दिया। आरोपी आधे घंटे तक बच्ची को लेकर बाथरूम में बंद रहा। मगर आरोपी ने दरवाजा नहीं खोला। पीड़ित परिजनों का शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए। परिजनों और पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़कर बच्ची को बाहर निकाला। वहीं आरोपी ने मौके से भागने का प्रयास किया। लेकिन परिजनों ने आरोपी को घेर कर जमकर पीटा। सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने आरोपी को पीड़ित परिजनों के चंगुल से छुड़ाया और थाने लेकर आ गई। सीओ दौराला प्रकाश चंद अग्रवाल का कहना है कि केस दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया गया है।