संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। थाना सरधना क्षेत्र के गांव पोहल्ली में बुधवार देर रात पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक युवक ने अपने दो सालों पर घर पहुंचकर मारपीट, गाली-गलौज करने और बाद में मस्कट व तमंचे से फायरिंग करने का आरोप लगाया है। घटना में युवक बाल-बाल बचा। पीड़ित ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पोहल्ली निवासी अंकुश शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका टेंट का व्यवसाय है। करीब तीन वर्ष पहले उनकी शादी थाना कंकरखेड़ा क्षेत्र के गांव जंगेठी की युवती से हुई थी। उनका कहना है कि करीब तीन माह पहले पारिवारिक विवाद के बाद पत्नी मायके चली गई थी। कई प्रयासों के बावजूद दोनों पक्षों में समझौता नहीं हो सका।
आरोप है कि बुधवार देर रात पत्नी के दोनों भाई उनके घर पहुंचे और दरवाजा खुलवाकर विवाद करने लगे। अंकुश के छोटे भाई विशाल ने दरवाजा खोला तो दोनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। शोर सुनकर अंकुश बाहर आया तो कहासुनी के बाद मारपीट की नौबत आ गई। हंगामा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को अलग कराया। इसके बाद आरोपी वहां से चले गए। पीड़ित का आरोप है कि कुछ देर बाद दोनों युवक दोबारा लौटे। उस समय वह घर की छत पर खड़ा था। आरोप है कि एक आरोपी ने मस्कट और दूसरे ने तमंचे से उसकी ओर फायरिंग कर दी। गोली उसे नहीं लगी और वह सुरक्षित बच गया। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। ग्रामीणों के एकत्र होने पर दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
उधर, घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। बताया जा रहा है कि वीडियो में विवाद और हंगामे के दृश्य दिखाई दे रहे हैं। सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वायरल वीडियो की भी जांच कराई जा रही है।
-