स्योहारा थाना क्षेत्र के बेसिक स्कूलों में शिक्षण व्यवस्था की बदहाल तस्वीर के रोज नए किस्से सामने आ रहे हैं। दो दिन पहले सोशल मीडिया पर वायरल हुए छात्र-छात्राओं से स्कूल परिसर की सफाई कराने के बाद अब एक ओर वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो में गुरु जी पढ़ाई की जिम्मेदारी को भूल छात्र-छात्राओं से अपनी ही बाइक की धुलाई और सफाई कराते नजर आ रहे हैं। तेजी से वायरल हो रहे वीडियो के बाद अब एक जोर जहां शिक्षाधिकारियों के बीच हड़कंप मचा है तो वहीं गुस्साए अभिभावकों ने भी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की आवाज उठाई है।
शुक्रवार को फिर एक सरकारी अध्यापक द्वारा शिक्षा का हनन करने का वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में ग्राम जमापुर स्थित सरकारी विद्यालय में तैनात अध्यापक द्वारा छात्रों से अपनी बाइक धुलवाई जा रही हैं। अध्यापक के हाथ में डंडा भी साफ दिखाई दे रहा हैं। इससे पूर्व गांव गुरदासपुर के सरकारी विद्यालय में छात्रों से ठेली में फावड़े से मिट्टी भरवाने का वीडियो वायरल हुआ था।
प्रधानाध्यापक राकेश कुमार ने कहा, 'मेरे द्वारा मोटरसाइकिल धुलवाने का आरोप गलत है। बच्चे खड़ी हुई बाइक पर खुद ही पाइप द्वारा पानी डाल रहे थे। किसी अध्यापक ने मजाक में वीडियो बनाई थी।'