नामांतरण के खेल में टैक्स कलेक्टर निलंबित
मेरठ। हाउस टैक्स विभाग में नामांतरण का खेल लगातार सामने आ रहा है। ऐसे ही एक मामले की शिकायत नगरायुक्त मनीष बंसल के पास पहुंची तो उन्होंने टैक्स कलेक्टर को निलंबित कर दिया। अपर नगरायुक्त को जांच करने और रिपोर्ट एक सप्ताह में देने के निर्देश दिए हैं। कर निर्धारण अधिकारी को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
महानगर की जनता को हाउस टैक्स लगवाने और नामांतरण कराने के लिए निगम प्रशासन ने भले ही ऑनलाइन व्यवस्था शुरू की हुई हो, लेकिन टैक्स विभाग के अधिकारी और लिपिक अभी भी शहर की जनता को मैनुअल व्यवस्था में ही उलझाए हैं। इसमें भवन स्वामियों का दोहन हो रहा है। ऐसे मामले आए दिन नगर निगम में सामने आ रहे हैं। मंगलवार को एक महिला ने नगरायुक्त के सामने पेश होकर नामांतरण के मामले में टैक्स के अधिकारी और लिपिक पर आरोप लगाए।
जिस पर नगरायुक्त ने कुछ पत्रावलियों की जांच की। नगरायुक्त के अनुसार हाउस टैक्स नामांतरण की पत्रावलियों में कर निर्धारण अधिकारी और टैक्स कलेक्टर यानी लिपिक के स्तर से लापरवाही सामने आई है। उन्होंने कर निर्धारण अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। टैक्स कलेक्टर के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की है।