मेरठ। यूपी बार काउंसिल के चेयरमैन हरिशंकर सिंह द्वारा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच के समर्थन में दिए गए बयान का मेरठ एवं जिला बार एसोसिएशन ने समर्थन किया है। दोनों एसोसिएशन ने इस संबंध में हाईकोर्ट बार एसोसिएशन इलाहाबाद को पत्र भेजने का निर्णय लिया है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश हाईकोर्ट बेंच स्थापना केंद्रीय संघर्ष समिति के चेयरमैन मांगेराम एवं संयोजक नरेश दत्त शर्मा ने सोमवार को कहा कि चेयरमैन ने बीते शनिवार जिला बार के कार्यक्रम में पउप्र में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना का समर्थन करते हुए कहा था कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच बनकर रहेगी। जिसके बाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन इलाहाबाद द्वारा चेयरमैन के बयान का विरोध करते हुए इसे अधिवक्ताओं को बांटने और अपने निजी स्वार्थ को पूर्ण करने के उद्देश्य से दिया बयान बताया। उनके बयान को अमर्यादित एवं गैर जिम्मेदरान बताया गया। दोनों पदाधिकारियों ने कहा कि चेयरमैन हमेशा पश्चिम के वकीलों के साथ रहे हैं। जब भी हमें उनकी मदद की आवश्यकता हुई तो उन्होंने हमारी हर स्तर पर मदद की है। उन्होंने 40 साल पुरानी जायज मांग का समर्थन किया है। इस पत्र की एक प्रति हाईकोर्ट बार एसोसिएशन इलाहाबाद को भेजने का निर्णय लिया गया है।
वहीं, जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रविंद्र सिंह व महामंत्री आनंद कश्यप ने चेयरमैन हरिशंकर सिंह के बयान की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पश्चिम के वकीलों की जायज मांग को उचित बताया है। उन्होंने इस संबंध में बार काउंसिल ऑफ यूपी के चेयरमैन को पत्र भेजकर आभार व्यक्त किया है। केंद्रीय संघर्ष समिति के चेयरमैन व संयोजक को भी पत्र भेजकर उनके बयान का समर्थन करने की मांग की है।