फिर तेवर दिखा रही गर्मी, तीन दिन तक राहत के आसार नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
मोदीपुरम। गर्मी फिर से तेवर दिखा रही है।तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। दिन में उमस परेशान कर रही है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अभी दो तीन दिन राहत के कोई आसार नहीं है।
पश्चिम उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क बना है। सुबह से ही तेज धूप के चलते गर्मी शहरवासियों का बुरा हाल कर रही है। तापमान भी 36 डिग्री से ऊपर चल रहा है, जबकि रात का तापमान भी सामान्य से दो से तीन डिग्री ऊपर होने के चलते मौसम गर्म बना हुआ है। दिन में तेज धूप अभी गर्मी को कम नहीं कर रही है। शुक्रवार का दिन सुबह से ही गर्म रहा और दोपहर में काफी गर्मी रही।
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के मौसम वेधशाला पर दिन का अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर के एयर क्वालिटी इंडेक्स में भी वृद्धि दर्ज हो रही है। शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स 142 दर्ज किया गया। विभिन्न इलाकों गंगानगर 138, जयभीम नगर 158, पल्लवपुरम 126, बेगमपुल 138, दिल्ली रोड 142 एक्यूआई दर्ज किया गया। कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि अभी राहत के आसार नहीं है। तापमान में वृद्धि जारी रहेगी।