हस्तिनापुर में छात्र गुट आमने-सामने, फायरिंग से मची भगदड़
हस्तिनापुर। कस्बे के राजकीय इंटर कॉलेज के मुख्य द्वार पर बृहस्पतिवार को वर्चस्व को लेकर छात्रों गुटों में विवाद हो गया। इसमें एक पक्ष ने हवाई फायरिंग कर दी। इससे भगदड़ मच गई। सभी शिक्षक दौड़कर मौके पर पहुंचे और सूचना थाना पुलिस को दी गई। प्रधानाचार्य की ओर से तहरीर दी गई है।
बताया जा रहा है कि इन छात्र गुटों में काफी समय से वर्चस्व को लेकर तनातनी चल रही है। बृहस्पतिवार को दोनों ही पक्षों के छात्र मुख्य गेट पर मिले तो उनसे कहासुनी हो गई। बाद में मामला फायरिंग तक पहुंच गया। कई राउंड हवाई फायरिंग की गई। इससे काफी संख्या में छात्र दहशत में आ गए।
बाद में स्कूल के सभी शिक्षक मुख्य गेट पर पहुंचे और मामले की सूचना थाना पुलिस को दी। मौके पर पुलिस पहुंची को देख सभी छात्र घटनास्थल से भाग गए। वहीं, कॉलेज के मुख्य गेट पर फायरिंग करने के मामले में स्कूल के प्रधानाचार्य भूपेश कुमार ने तहरीर दी है। उन्होंने कहा कि ऐसा करने वालों को चिह्नित किया जाएगा। इस बारे में थाना प्रभारी दिनेश सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। फायरिंग करने वाले युवकों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।