साढ़े पांच करोड़ को लेकर लिसाड़ी गेट में पथराव, फायरिंग
मेरठ। लिसाड़ी गेट के एस-विला श्यामनगर कालोनी में बृहस्पतिवार देर रात साढ़े पांच करोड़ रुपये के लेन देन को लेकर पक्षों में जमकर मारपीट, पथराव और फायरिंग हुई। इस दौरान क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है। आरोपी दो दिन पहले ही जमानत पर जेल छूटकर आया है। दोनों पक्ष रिश्तेदार हैं। फायरिंग की वीडियो की वायरल हो गई है।
श्यामनगर एस-विला निवासी मोहम्मद कैफ पुत्र आस मोहम्मद कुरैशी ने पुलिस को बताया, मीट के कारोबार के लिए उन्होंने बीस फुटा गली निवासी मौसा मोहम्मद अंसार, अनवार पुत्रगण नवाब को करीब डेढ़ साल पहले साढ़े पांच करोड़ रुपये बैक द्वारा ट्रांसफर किए थे। दो महीने पहले इन रुपये को लेकर आस मोहम्मद की पत्नी पर हमला हुआ था। इस मामले में पुलिस ने अनवार को जानलेवा हमले में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। जो अब जेल से छूट कर आया है। पीड़ित मोहम्मद कैफ का आरोप कि गुरुवार रात करीब साढ़े आठ बजे अनवार ने अपने भाई अंसार समेत आठ-दस साथियों को लेकर घर के बाहर पथराव करते हुए फायरिंग कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अनवार को हिरासत में लिया है। पीड़ित ने अपने छोटे भाई फैज के भी अपहरण का आरोप लगाया है। दोनों पक्षों की ओर से थाने में तहरीर दी गई हैं। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।
------------
इन्होंने कहा...
मीट के कारोबार को लेकर दोनों पक्षों ने साझेदारी की थी। जिसको लेकर विवाद हो गया था। इस मामले में एक आरोपी पहले जेल भी जा चुका है। जेल से छुटने के बाद आरोपी ने फिर से पथराव और मारपीट की है। वीडियो फुटेज भी मिल गई है। पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। जिसके बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
अरविंद चौरसिया, सीओ कोतवाली
-----------------