हारमनी इन होटल पकड़ा गया था कैसीनो, सीओ सिविल लाइन कर रहे हैं विवेचना
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। होटल हारमनी इन कैसीनो प्रकरण में पुलिस की जांच लगातार चल रही है। होटल हारमनी इन में कैसीनो खिलाने और शराब परोसने वाली छह मॉडलों के भी बयान दर्ज होंगे। सभी को नोटिस देकर बयान देने के लिए बुलाया गया है। यह भी मॉडल दिल्ली से बुलाई गईं थीं।
गढ़ रोड स्थित होटल हारमनी इन में 21 अक्तूबर को पुलिस ने छापा मारकर कैसीनो पकड़ा था। शास्त्रीनगर निवासी होटल स्वामी और भाजपा नेता नवीन अरोड़ा, राकेश सहगल निवासी वेस्टर्न कचहरी रोड (धागा कारोबारी), मोहित टंडन निवासी जागृति विहार (हैंडलूम व्यापारी), गौरव कंसल निवासी वेस्टर्न कचहरी रोड (स्पेयर पार्ट्स कारोबारी), राजकुमार निवासी बेगमबाग (हैंडलूम कारोबारी), राजीव गुलाटी निवासी बेगम बाग (कपड़ा कारोबारी), संजय अरोड़ा निवासी शास्त्री नगर (अधिवक्ता इंकम टैक्स विभाग), देवेंद्र पाल सेठी निवासी सिविल लाइन (फल आढ़ती), होटल के पार्टनर राजेश मिगलानी, राजेश जुनेजा, अशोक तनेजा, अमित चांदना के साथ मैनेजर आदिल खान व रजत सिंह और हिमांशु के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस ने आठ आरोपी नवीन अरोड़ा, राजीव, राजकुमार, राकेश, संजय, मोहित, देवेंद्र और गौरव को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था। जहां से उन्हें अंतरिम जमानत मिल गई थी। रविवार को पुलिस ने होटल मैनेजर आदिल खान को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। उसे भी अंतरिम जमानत मिल गई थी। पुलिस ने जिन मुंबई की मॉडल को पकड़ा था, उनको बाद में नाम पता और आधार कार्ड देखने के बाद छोड़ दिया था। अब इनको बयानों के लिए बुलाया गया है। एसएसपी डा. विपिन ताड़ा का कहना है कि जांच जारी है। जल्द ही इस मामले में चार्जशीट दाखिल की जाएगी।