दौराला - थाने पर बैठे विजयपाल कश्यप और अतुल प्रधान। स्रोत : संवाद
दौराला/मेरठ। सोनू कश्यप की 18 जनवरी को तेरहवीं दौराला के एक मंडप में कराने के घोषणा करने वाले आयोजक सपा पिछड़ा वर्ग जिलाध्यक्ष विजयपाल कश्यप को गंगानगर पुलिस दौराला थाना लेकर पहुंची। थाने पर सीओ दौराला विजयपाल से बात कर रहे हैं।
ज्वालागढ़ निवासी सोनू कश्यप की हत्या के बाद न्याय की परिजन मांग कर रहें हैं। वहीं, कपसाड़ के बाद सपा ने इस मामले में भी भाजपा को घेरना शुरू कर दिया है। सपा लगातार हमलावर हो रही है। सोनू कश्यप की 18 जनवरी को दौराला में श्री गणेश फार्महाउस में तेरहवीं की विजयपाल कश्यप ने घोषणा की, साथ ही समाज के लोगों को अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की। जानकारी मिलते ही पुलिस सतर्क हो गई। गंगानगर पुलिस ने विजयपाल को उनके गंगानगर आवास से हिरासत में ले लिया और दौराला थाने लेकर पहुंची। यहां सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल विजयपाल कश्यप से 18 जनवरी को होने वाली थी तेरहवीं कार्यक्रम को स्थगित करने के लिए बात कर रहें हैं। विजयपाल कश्यप ने समाज का शोषण और मृतक की तेरहवीं से रोकने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार आम जनता की आवाज दबाने का काम कर रही है। जबरन तेरहवीं का कार्यक्रम रद्द कराने का दबाव बनाया जा रहा है और लोकतंत्र की हत्या की हत्या की जा रही है। देर शाम थाने पहुंचे सपा विधायक अतुल प्रधान ने तेरहवीं का कार्यक्रम निरस्त करवाए जाने का विरोध किया। कहा कि यदि, किसी के परिवार में कोई तेरहवीं करने वाला नहीं है तो क्या उसका समाज तेरहवीं भी नहीं कर सकता। प्रशासन सोनू की तेरहवीं कार्यक्रम को निरस्त करवाकर तानाशाही रवैया अपना रहा है। तो क्या फिर थाने पर तेरहवीं होगी। वहीं, विजयपाल कश्यप ने समाज के लोगों से वार्ता कर कार्यक्रम निरस्त कर दिया।