मेरठ। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र अंतर्गत श्यामनगर गली नंबर नौ निवासी युवक ने पत्नी की पिटाई कर दी। इसकी जानकारी महिला ने अपनी मां को दी। उसे लेने पहुंची मां पर दामाद ने अपने पिता और भाइयों के साथ मिलकर हमला कर दिया। शोर सुनकर महिला को बचाने आए युवक पर भी चाकू से हमला कर दिया।
शालीमार गार्डन निवासी रुखसाना ने बताया कि उसने अपनी बेटी फरहा की शादी श्यामनगर गली नंबर नौ निवासी फरहान से की। उसकी बेटी ने मंगलवार रात में फोन करके बताया कि फरहान ने मारपीट करके उसे कमरे में बंद कर दिया है। इस पर रुखसाना अपनी बेटी को लेने के लिए उसकी ससुराल पहुंची। आरोप है कि वह अपने दामाद फरहान से जानकारी लेने लगी। इस पर फरहान ने अपने भाई फरमान एवं पिता अब्दुल रहमान के साथ मिलकर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। रुखसाना का शोर सुनकर पड़ोसी इरफान उसे बचाने आया। इस पर आरोपियों ने चाकू से हमला कर इरफान को गंभीर रूप से घायल कर दिया। महिला ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। इस पर पुलिस ने घायल इरफान और महिला को जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं, आरोपी फरार हो गए। पीड़ित रुखसाना ने आरोपियों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। वहीं, पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।