वाहन चेकिंग के दौरान सिपाही पर हमला, गंभीर
मोदीपुरम। पल्लवपुरम थाने में तैनात सिपाही ने शुक्रवार देर रात चेकिंग के दौरान छोटा हाथी को रोका। इससे क्षुब्ध चालक ने सिपाही पर हथौडे़ से हमला कर दिया। इसके बाद गाड़ी लेकर फरार हो गया। वहीं, पुलिसकर्मियों ने आनन-फानन में घायल सिपाही को निजी अस्पताल में भर्ती कराया तथा आरोपी तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने शनिवार रात ललसाना मार्ग पर मुठभेड़ के दौरान आरोपी को दबोच लिया। उसके पैर में गोली लगी है।
इंस्पेक्टर पल्लवपुरम दिग्विजय नाथ शाही ने बताया कि शुक्रवार देर रात सिपाही सतीश और अनिल एसडीएस ग्लोबल कॉलोनी के समीप वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान छोटा हाथी को रोका तो चालक ने सिपाही सतीश पर हथौड़े से हमला कर दिया। जिससेवह लहूलुहान हो गया। इसी दौरान हमलावर फरार हो गया। अन्य पुलिसकर्मियों ने घायल सिपाही सतीश को एसडीएस ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उसकी हालत गंभीर बताई है। पुलिस ने आरोपी की धरपकड़ के लिए कई स्थानों पर दबिश दी। इंस्पेक्टर पल्लवपुरम दिग्विजय नाथ शाही के अनुसार शनिवार रात मुखबिर ने बताया कि आरोपी चालक पल्हेड़ा निवासी नीटू पुत्र हरपाल ललसाना मार्ग से गुजर रहा है। पुलिस ने उसका पीछा किया तो उसने फायर झोंक दिया। जिसमें इंस्पेक्टर दिग्विजय नाथ शाही एवं मोदीपुरम चौकी इंचार्ज विकास चौहान बाल-बाल बचे। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान बदमाश नीटू को दबोच लिया। उसे पैर में गोली लगने की वजह से दौराला के सीएचसी में भर्ती कराया। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी नीटू शातिर अपराधी है। उससे एक तमंचा एवं दो कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस टीम में इंस्पेक्टर पल्लवपुरम, चौकी इंचार्ज मोदीपुरम, कांस्टेबल अंकित कुमार एवं विकास चौधरी आदि शामिल रहे। वहीं, देर रात एसपी सिटी अखिलेश नारायण अस्पताल पहुंचे और सिपाही के बारे में जानकारी ली।