बिहार में बैठे अभिनव की तलाश करेगी एसओजी
मोदीपुरम। दुर्गा कॉलोनी में फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले गिरोह के एक सदस्य की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब बिहार में बैठे गिरोह के सरगना को पकड़ने की तैयारी में जुट गई है। गिरफ्तारी की जिम्मेदारी एसओजी को सौंपी गई है। एसओजी ने सरगना का मोबाइल नंबर लेकर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
तीन दिन पहले सर्विलांस सेल व पल्लवपुरम पुलिस ने मोदीपुरम की दुर्गा कॉलोनी निवासी हरिशंकर को गिरफ्तार किया था। हरिशंकर पिछले दो साल से बिहार निवासी अभिनव के साथ मिलकर फर्जी आधार कार्ड बनाने का कार्य कर रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस बिहार में बैठे सरगना अभिनव की तलाश में जुट गई है। अभिनव ने ही बिहार, उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों में वेबसाइट बनाकर फर्जी आधार कार्ड बनाने का नेटवर्क फैला रखा है। वह लखपति बनने की चाह रखने वाले युवकों को अपने चुंगल में फंसाकर काम देता है और उनके खाते में उनके हिस्से के रुपये ट्रांसफर करता है।
एसपी क्राइम अनित कुमार ने बताया कि सर्विलांस सेल व पल्लवपुरम पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हरिशंकर ने अभिनव का मोबाइल नंबर पुलिस को दिया है, जिस पर दोनों आपस में संपर्क में रहते थे। पुलिस इस नंबर की छानबीन कर रही है। डिटेल निकाली जा रही है। अब इस गिरोह के सदस्य की गिरफ्तारी को लेकर अधिकारियों के निर्देश पर एसओजी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सरगना की गिरफ्तारी के बाद बडे़ नेटवर्क का खुलासा होगा।