स्मैक माफिया तस्लीम का 50 लाख का दूसरा मकान जब्त
मेरठ। स्मैक माफिया हाजी तस्लीम का बृहस्पतिवार को 50 लाख रुपये कीमत का दूसरा मकान मछेरान, रेलवे रोड पर जब्त कर लिया है। यह मकान उनकी पत्नी नसीम बानो और उसके बेटे शाहवाज उर्फ शाबाज के नाम है। पुलिस ने तसलीम की पत्नी के घर की तलाशी लेने के बाद अपना ताला लगा दिया।
रेलवे रोड थानाक्षेत्र मछेरान निवासी स्मैक माफिया तस्लीम का लिसाड़ीगेट में बुधवार को करीब 1.50 करोड़ का मकान जब्त कर लिया गया था। तस्लीम का मेरठ समेत कई जगह पर स्मैक और चरस सप्लाई करने का धंधा है। पुलिस ने उनकी पत्नी नसीम बानो उर्फ हज्जन, बेटे शाहवाज उर्फ शाबाज, शादाब और साथी निजामुद्दीन उर्फ पोनी, दानिश पर गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज किया था।
बृहस्पतिवार को एएसपी कैंट चंद्रकांत मीणा, इंस्पेक्टर लालकुर्ती अतर सिंह, रेलवे रोड और सदर बाजार थाने की पुलिस मछेरान में पहुंची। पुलिस ने मकान की तलाशी ली और फिर अपना ताला लगाया। मुनादी कराई कि यह मकान अब खरीदा या बेचा नहीं जा सकता। इस मकान की कीमत 50 लाख रुपये बताई गई है। मकान में दो स्कूटी भी थी, उन्हें भी जब्त कर लिया गया है।