मेरठ। साइबर सेल और मुंडाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में सोशल मीडिया पर हैंडीक्राफ्ट डेकोरेशन का सामान बेचने का झांसा देकर ठगी करने वाले छह आरोपी गिरफ्तार किए हैं। आरोपियों द्वारा प्रयोग किए गए मोबाइल नंबरों एवं आईएमईआई नंबरों की ट्रेसिंग के दौरान मुंडाली क्षेत्र में सक्रिय पाए गए। जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की है।
एसपी क्राइम अवनीश कुमार ने बताया कि जुनैद, शहवाज, आफताब, फैज, शान, सोहेल निवासीगण ग्राम अजराड़ा मुंडाली को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से ठगी में प्रयोग किए गए दो मोबाइल, तीन सिम कार्ड, पीएनबी बैंक की पासबुक, जीएसटी बिल बुक और हैंडीक्राफ्ट डेकोरेशन से संबंधित विभिन्न सजावटी सामान बरामद किया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे फेसबुक, व्हाट्सएप एवं इंस्टाग्राम पर प्रोफाइल बनाकर हैंडीक्राफ्ट डेकोरेशन के सामान की फोटो अपलोड करते थे। ग्राहकों को सामान भेजने का विश्वास दिलाकर बुकिंग एवं डिलीवरी के नाम पर अग्रिम धनराशि विभिन्न बैंक खातों में ऑनलाइन जमा करा लेते थे। धनराशि प्राप्त होने के बाद ग्राहकों के मोबाइल नंबर ब्लॉक कर देते थे।
आरोपी करीब एक वर्ष से 50 लाख रुपये से ज्यादा की ठगी कर लोगों को चूना लगा चुके हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सजावटी सामान भी बरामद किया है।
-