मेरठ के मोदीपुरम में कृषि विश्वद्यालय में अपने घर से लौट रहे बीटेक के छात्र का मोदीपुरम क्षेत्र में एक्सीडेंट हो गया। उसने अपने डीन को फोन कर हादसे की जानकारी दी। कृषि विवि के डीन न सिर्फ छात्र के पास पहुंचे बल्कि उसे रुपये की मदद की और अपना एटीएम भी छात्र को दिया।
सर.. मेरा एक्सीडेंट हो गया है। मैं सड़क पर पड़ा हूं, मेरे पास आ जाओ...। मेरठ के मोदीपुरम क्षेत्र में टेंपो पलटने से घायल बीटेक के छात्र ने कृषि विवि में अपने विभाग के डीन को फोन कर यह बात कहकर मदद मांगी। उन्होंने उसे कुछ रुपयों के साथ एटीएम भी दे दिया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
विज्ञापन
मूल रूप से बस्ती जनपद के मझौबा निवासी बबलू श्रीवास्तव का बेटा आदेश श्रीवास्तव सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में बीटेक एग्रीकल्चर इंजीनियरिंग थर्ड ईयर का छात्र है। होली की छुट्टी के बाद आदेश ट्रेन से मेरठ पहुंचा। वह टेंपो से कृषि विवि जा रहा था। जब टेंपो हाईवे पर सर्वहित अस्पताल के पास पहुंचा तो अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे के बाद टेंपो और डिवाइडर के बीच में फंसे छात्र आदेश का पैर टूट गया। उसके साथ में छात्र विमल, अजय, अभिषेक भी थे। उन्हें भी कुछ चोट आई। बाद में आदेश ने अपने फोन पर डीन डॉ. बीआर सिंह को फोन किया और कहा- सर मेरा एक्सीडेंट हो गया मेरा चोट लगी है, आप आ जाओ।
इसके बाद डीन डॉ. बीआर सिंह, डीएसडब्ल्यू डॉ. अनिल सिरोही, नीलेश चौहान, डॉ. दीपक मिश्रा सहित अन्य पहुंचे। उन्हें सर्वहित अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद छात्र को मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
डीन ने उपचार के लिए जेब से कुछ रुपये और पिन कोड बताकर एटीएम भी छात्र को दे दिया। उन्होंने कहा कि उपचार में जितने पैसे की जरूरत हो, ले लेना।