मेरठ के किठौर में ग्राम कायस्थ बड्ढा में सोमवार शाम शादी समारोह में खाना खाते समय किसी बात को लेकर कुछ लोगों में कहासुनी हो गई। जिसके बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट व फायरिंग हुई। गोली लगने से भाजपा के अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष का चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली चलते ही गांव में अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों की मदद से घायल को मेरठ अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन की। पुलिस अस्पताल पहुंचकर पीड़ित परिवार से मिली। इस बाबत शाम तक थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई है।
थाना प्रभारी अरविंद मोहन शर्मा ने बताया कि ग्राम कायस्थ बड्ढा में एक परिवार में लड़की की शादी थी। जहां पर खाना खाने के दौरान गांव के ही दो पक्षों में किसी बात पर कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। मारपीट के बाद दोनों पक्षों को ग्रामीणों ने समझा बुझाकर शांत कर दिया।
आरोप है कि कुछ ही देर में एक पक्ष के कुछ लोग अवैध हथियार लेकर मौके पर पहुंच गए तथा फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वासित अली का चचेरा भाई जावेद (28) पुत्र आबिद के कमर में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। जावेद सऊदी अरब में नौकरी करता है। कुछ दिन पूर्व ही वह गांव आया है।
थाना प्रभारी का कहना है कि इस मामले में पीड़ित परिवार की ओर से कोई तहरीर न हीं दी गई है। तहरीर आने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वही सीओ किठौर बृजेश कुमार ने अस्पताल पहुंचकर घायल का हाल जाना तथा पीड़ित परिवार से जानकारी ली।