गंगनहर से दंपति को लूटकर भाग रहे दो बदमाशों को पुलिस ने दौराला-पबरसा मार्ग पर घेर लिया। घेराबंदी के दौरान बदमाश अपने ही साथी को गोली मारकर फरार हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया। उससे लूट का सामान बरामद किया गया है।
अपाचे बाइक सवार दो बदमाशों ने रविवार दोपहर गांव अक्केपुर निवासी दंपति अजय और अर्चना त्यागी से सरधना गंगनहर के पास 18 सौ रुपये, कुंडल और बाइक लूट ली। दंपति की सूचना पर सरधना के अलावा दौराला और पल्लवपुरम चेकिंग में जुट गई। इस बीच मोदीपुरम चौकी के सामने हाईवे पर सिपाही ओमवीर नागर ने अपाचे बाइक की नंबर प्लेट पर मिट्टी लगी देखी तो पीछा शुरू कर दिया। सिपाही की सूचना पर दौराला-पबरसा मार्ग पर दौराला और पल्लवपुरम पुलिस ने बदमाशों को घेर लिया।
इंस्पेक्टर दौराला परशुराम ने बताया कि बागपत के नई बस्ती छपरौली निवासी इसरार पुत्र गफ्फूर और रफीक पुत्र शरीफ चोरी की बाइक से सरधना गंग नहर से लूटकर फरार हो रहे थे। घेराबंदी पर इसरार ने खुद को घिरा देख खुद को बचाने के लिए तमंचे से रफीक की कमर में गोली मार दी। जिसके बाद वह फरार हो गया। रफीक से चोरी की बाइक, तमंचा, चाकू, दो कारतूस और दंपति से लूटे कुंडल बरामद हुए हैं। घायल बदमाश रफीक का मेडिकल में उपचार चल रहा है।
गफलत में रहा मामला
पहले बताया गया कि घेराबंदी के दौरान इसरार जब तमंचा लोड कर रहा था तो हड़बड़ी में उससे गोली चल गई थी, जो खेत में आगे चल रहे उसके साथी रफीक की कमर में जा लगी थी। हालांकि इंस्पेक्टर दौराला के अलावा सीओ दौराला अरविंद कुमार का कहना है कि रफीक ने अपने बयान में यही कहा कि खुद को पुलिस से बचाने के लिए इसरार उसे गोली मारकर भागा।
इन्हीं बदमाशों ने की थी 17 लूट
दौराला पुलिस का दावा है कि कई माह पूर्व मोदीपुरम से लेकर दौराला, समौली, पबरसा गांव के जंगल में अपाचे सवार इन्हीं बदमाशों ने 17 जगह पर लूटपाट की थी। यह शातिर गैंग है और लूट की घटनाओं को अंजाम देता है। इंस्पेक्टर दौराला ने बताया कि घायल रफीक इसरार का चचेरा भाई है। काफी समय से दोनों एक साथ ही लूटपाट कर रहे थे।