हाईवे स्थित सर्वहित नर्सिंग होम में मरीज की मौत के बाद बखेड़ा हो गया। आरोप है कि तीमारदारों और दौराला सोसायटी के चेयरमैन ने अस्पताल के दो चिकित्सकों की पिटाई करते हुए स्टाफ से अभद्रता की। इस मामले में आईएमए और अस्पताल प्रबंधन ने रविवार को एसएसपी से शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की।
अस्पताल प्रबंधन ने आरोप लगाते हुए बताया कि दौराला निवासी पंकज को 4 अक्तूबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसके जबड़े की हड्डी टूटी हुई थी। 6 अक्तूबर को डॉ. गौरव ढाका ने ऑपरेशन किया था। जिसके बाद मरीज को आराम था।
8 अक्तूबर की रात करीब 8:30 बजे डॉ. ढाका ने मरीज को देखकर उसका डिस्चार्ज कार्ड बना दिया। मरीज के तीमारदारों ने सुबह ले जाने की बात कही। इसके बाद खाना खाते समय पंकज की तबियत खराब हो गई। उस समय पर डॉ. बिजेंद्र प्रधान ने मरीज को देखा। लेकिन उसकी मौत हो गई।
आरोप है कि इसके बाद तीमारदारों ने दौराला कोऑपरेटिव सोसाइटी के चेयरमैन कल्लू उर्फ वीरेंद्र चौधरी को बुला लिया। अपने साथ कुछ लोगों के साथ अस्पताल पहुंचे चेयरमैन ने डॉ. गौरव ढाका और डॉ. प्रधान के साथ बदसलूकी और पिटाई की। स्टाफ के साथ भी अभद्रता की। सूचना पर पहुंची पल्लवपुरम पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया। अस्पताल प्रबंधन का आरोप है कि अगर पुलिस गंभीर होती तो हंगामा कर रहे लोगों को तभी पकड़ लेती।
एसओ पल्लवपुरम आरसी पंत ने रविवार देर रात बताया कि तहरीर के आधार पर चेयरमैन और उसके साथियों के खिलाफ मारपीट करने, रंगदारी मांगने और संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया जा रहा है।
‘क्या डॉक्टर शहर छोड़कर चले जाएं’
मेरठ। इस प्रकरण में रविवार शाम आईएमए का प्रतिनिधिमंडल एसएसपी से मिला। आईएमए के निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. तनुराज सिरोही ने एसएसपी से कहा कि या तो पुलिस कार्रवाई करे या फिर डॉक्टर ही शहर छोड़कर चलें जाएं। आए दिन डॉक्टरों के साथ घटना हो रही हैं। थाना पुलिस तहरीर पर भी कार्रवाई नहीं करती। डॉक्टर न क्लीनिक पर सुरक्षित हैं और न ही अस्पताल में। डॉक्टर वर्ग ऐसे ही पिटता रहेगा तो फिर पुलिस का क्या काम है। इससे तो बेहतर है कि डॉक्टर शहर छोड़कर चले जाएं। पीड़ित डॉक्टरों ने घटना की फुटेज भी दिखाई। एसएसपी जे. रविन्दर गौड़ ने आरोपी वीरेंद्र उर्फ कल्लू पर मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। साथ ही डॉक्टरों को आश्वासन दिया कि किसी भी कीमत पर दोषी को नहीं बख्शा जायेगा। कानून सभी के लिए बराबर है। इस मौके पर आईएमए के नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. वीरोत्तम तोमर, डॉ. शिशिर जैन, डॉ. रेनू, डॉ गौरव ढाका, डॉ. जेबी चिकारा, डॉ. वीपी सिंघल, डॉ. आशू मित्तल आदि मौजूद रहे।
दौराला चेयरमैन ने अपने साथियों के साथ अस्पताल में डॉक्टरों के साथ मारपीट और स्टाफ से अभद्रता की। फोन पर मुझे भी धमकी दी जा रही है। रंगदारी मांगी जा रही है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज एसएसपी को दे दी है।- डॉ. जेवी चिकारा, अस्पताल डायरेक्टर