हरिद्वार से कावड़ लेकर पहुंचे आसिफाबाद निवासी भोले। (मवाना)
मवाना। सावन माह की भक्तिमय लहर के बीच हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर किला परीक्षितगढ़ के गांव आसिफाबाद निवासी शिवभक्त मवाना पहुंचे, जहां नगरवासियों ने ढोल-नगाड़ों और पुष्प वर्षा के साथ उनका भव्य स्वागत किया।
गत 23 जुलाई को हरिद्वार से पैदल यात्रा पर निकले इन श्रद्धालुओं की कठिन साधना और अटूट आस्था देखकर हर कोई अभिभूत नजर आया। इस कांवड़ यात्रा की खास बात श्रद्धालुओं द्वारा लाया गया भारी-भरकम गंगाजल रहा, जिसमें शिवभक्त आदित्य सैनी 161 लीटर जल का विशाल कलश लेकर पहुंचे। वहीं अमित सैनी व कपिल धामा 81-81 लीटर तथा कोशिंदर व देवांश 51-51 लीटर पवित्र गंगाजल उठाकर मवाना पहुंचे। हर-हर महादेव और जय भोले के जयकारों के बीच स्थानीय नागरिकों और समाजसेवियों ने कांवड़ियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस दौरान अनुज, सतीश, कपिल, सत्येंद्र और वीरेंद्र समेत स्थानीय लोग व शिवभक्त मौजूद रहे।