- अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में प्रथम स्थान हासिल कर बढ़ाया मेरठ का मान
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। शास्त्रीनगर स्थित बालेराम बृजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के खिलाड़ियों ने 38वीं प्रांतीय खो-खो प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 तीनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय और मेरठ का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता का आयोजन 21 से 23 जुलाई तक सरस्वती विद्या मंदिर बिलारी (मुरादाबाद) में हुआ।
प्रतियोगिता में प्रदेशभर के सरस्वती विद्या मंदिरों के 200 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। तीन दिन तक चले मुकाबलों में विद्यालय की टीमों ने अनुशासित खेल, बेहतर रणनीति और उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर सभी वर्गों में पहला स्थान हासिल किया।
विजेता खिलाड़ियों के विद्यालय लौटने पर उनका स्वागत किया गया। प्रधानाचार्य प्रभात कुमार गुप्ता और प्रबंध समिति के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को स्वर्ण पदक और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। प्रधानाचार्य ने कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने खिलाड़ियों को क्षेत्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
टीम के कोच संजय सैनी ने बताया कि खिलाड़ियों ने पिछले तीन माह से नियमित सुबह-शाम अभ्यास किया। टीम की एकजुटता, अनुशासन और रणनीति के कारण यह सफलता मिली है। उन्होंने बताया कि प्रांतीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने के बाद अब यही टीमें छह से 11 सितंबर तक बाबूगढ़ (देहरादून) में आयोजित क्षेत्रीय खो-खो प्रतियोगिता में प्रांत का प्रतिनिधित्व करेंगी। इसके लिए विद्यालय में विशेष प्रशिक्षण शिविर भी शुरू कर दिया गया है।
सम्मान समारोह में वरिष्ठ शिक्षक नीरज सोम, जॉनी चौधरी, धीरज चौधरी, चांदनी नेगी, पारुल शर्मा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। प्रबंध समिति ने घोषणा की कि क्षेत्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को विद्यालय की ओर से विशेष प्रोत्साहन राशि और खेल किट प्रदान की जाएगी।