यूपी में शामली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए अरुणाचल प्रदेश मार्का की 450 पेटी अंग्रेजी शराब की बरामद की है। पकड़ी गई शराब की कीमत करीब साढ़े तीन लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार शराब की पेटियों को बिडौली सादात में करनाल की ओर से यमुना नदी से होकर नाव में रख कर लाई जा रही थी। पुलिस का मानना है कि शराब को लोकसभा चुनाव में इस्तेमाल करना था।
एसपी अजय कुमार ने बताया कि रविवार रात को मुखबिर की सूचना पर थाना प्रभारी ओपी चौधरी ने पुलिस टीम के साथ थानाक्षेत्र की बिडौली सादात के यमुना बांध पर हरियाणा की ओर से यमुना नदी के रास्ते नाव में रख कर लाई जा रही अवैध शराब के स्टॉक को बरामद कर लिया। पकड़े गए आरोपियों के नाम शहजाद निवासी गढ़ी बेशक थाना सनौली जनपद पानीपत हरियाणा और अखलाक निवासी चौतरा थाना झिंझाना है, जो अंतरराज्यीय शराब तस्कर है। आरोपियों के कब्जे से 450 पेटी में करीब 4500 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई है, जिसकी कीमत करीब साढ़े तीन लाख रुपये से अधिक है।
वहीं आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि शराब को पानीपत के सनौली से लोड किया गया था। इसे छिपाकर ले जाया जा रहा था। पूछताछ में यह भी पता चला कि शराब की शामली जिले में ही डिलीवरी होनी थी, लेकिन पुलिस ने तस्करों की इस योजना को नाकाम कर दिया। एसपी ने आशंका जताई कि शराब को लोकसभा चुनाव में इस्तेमाल करने के लिए लाई जा रही थी।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/