शामली जनपद के कैराना में बीए की छात्रा को बहला-फुसलाकर बुर्का पहनाकर होटल ले जाने और दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। छात्रा के पिता की तहरीर पर मोहल्ला आर्यपुरी निवासी जैकब के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। उधर, युवक की पिटाई के मामले में भी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पानीपत बाईपास फ्लाईओवर के पास पकड़ा था युवक
सोमवार दोपहर पानीपत रोड पर ऊंचा गांव आश्रम के डॉ. गौतम नाथ योगी और हिंदू संगठन के कुछ युवकों ने पानीपत बाईपास फ्लाईओवर के पास एक युवक को पकड़ लिया था। युवक के साथ बीए की छात्रा थी और उसने छात्रा को बुर्का पहना रखा था। इसकी जानकारी मिलने पर हिंदू संगठन के युवकों ने विरोध जताया और आरोपी की पिटाई कर दी। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
यह भी पढ़ें: मेरठ: तेज हवा और धूप से प्रदूषण में राहत, AQI 182 पर पहुंचा; रात में बढ़ने लगी ठंड
पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
घटना के बाद युवक की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामले में हिंदू संगठनों के लोगों ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा भी किया था। पुलिस ने छात्रा के पिता की तहरीर के आधार पर जैकब निवासी मोहल्ला आर्यपुरी, कैराना के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की पिटाई के मामले की भी जांच
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक एवं जांच अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसका चालान किया गया है। युवक की पिटाई के मामले की भी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि अभी तक इस संबंध में कोई शिकायत नहीं मिली है। वायरल वीडियो की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।