सरधना/सरूरपुर। दिवाली के त्योहार के मद्देनजर थाना क्षेत्र के गांवों में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम छापा मार अभियान चला रही है। सोमवार को टीम ने कई क्विंटल सिंथेटिक मिठाई नष्ट कराई तथा डेढ़ दर्जन से अधिक नमूने जांच के लिए भेजे। खाद सुरक्षा विभाग की टीम की कार्रवाई को लेकर दुकानदारों में अफरा-तफरी मची रही। कुछ स्थानों पर टीम को विरोध का सामना भी करना पड़ा।
दीपावली के त्योहार को देखते हुए सोमवार को क्षेत्र के गांव जैनपुर, जसड़ सुलताननगर, कालंद, लावड, दौराला में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मिठाई की दुकानों पर छापा मारा। खाद्य सुरक्षा अधिकारी जगविंदर चौधरी, तन्मय अग्रहरि व दीपक कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मिठाई के प्रतिष्ठानों पर छापा मारने की कार्रवाई की। टीम ने लगभग 15 मिठाई, छेना, मावा व रसगुल्ला आदि के नमूने लेते हुए जांच के लिए भेजे।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी जगविंदर चौधरी ने बताया कि इस दौरान जैनपुर में लगभग दो क्विंटल के करीब दूषित मिठाई को मौके पर नष्ट कराया गया। टीम ने सरसों के तेल और मावा सहित कई अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे।
टीम की कार्रवाई को देख व्यापारी अपने प्रतिष्ठान बंद करके भाग खड़े हुए। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।