माछरा। सहकारी गन्ना विकास समिति मेरठ की नवनिर्वाचित प्रबंध कमेटी की सोमवार को बैठक आयोजित की गई। बैठक में कई प्रस्ताव पास किए गए। इसमें चीनी मिलों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
सहकारी गन्ना विकास समिति के कार्यालय सभागार में प्रबंधक कमेटी की बैठक में सर्वप्रथम समिति चेयरमैन वीरेंद्र भाटी का समिति के डायरेक्टर, किसान और समिति के अधिकारियों व कर्मचारियों ने भव्य स्वागत करते हुए एक-दूसरे का परिचय कराया। बैठक में नंगलामल, सिंभावली, मवाना, दौराला एवं टिकौला चीनी मिलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। बताया गया कि आगामी पेराई सत्र 2024-25 में टिकौला मिल का संचालन 28 अक्तूबर, दौराला, नंगलामल, मवाना 4 नवंबर और सिंभावली मिल का 6 नवंबर से शुरू होगा।
बैठक में समिति के भवन में स्थान कम होने के कारण प्रथम व द्वितीय मंजिल पर भवन निर्माण के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पास किया गया। साथ ही घटतौली पर रोक लगाने और किसानों की समस्या के तुरंत समाधान हेतु टोल फ्री नंबर शुरू करने और चीनी मिलों के क्रय केंद्रों और गेट पर किसानों को स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था करने पर भी सहमति बनी।
गन्ना समिति के चेयरमेन वीरेंद्र भाटी ने कहा कि इन प्रस्तावों को शीघ्र ही लागू किया जाएगा और जो भी किसानों के हित में सुझाव आएंगे, उन्हें भी शामिल किया जाएगा।
अध्यक्षता समिति के चेयरमेन तथा संचालन सचिव प्रभारी इंद्रजीत यादव ने किया। इस दौरान प्रबंधक समिति सदस्य राहुल विकल, जिले सिंह, सुखपाल नागर, रकम सिंह, तेग सिंह, गायत्री, रेखावती, विमलेश देवी आदि किसान रहे। समिति के लेखाकर अतुल त्यागी द्वारा व्यवस्था बनाने में सहयोग दिया।