कटान के लिए ले भैस ले जाते सात दबोचे
मेरठ। परतापुर पुलिस ने कताई मिल चौकी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान दो गाड़ियों में कटान के लिए ले जाई जा रही तीन भैंस सहित सात लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम कताई मिल चौकी क्षेत्र में पुलिस चेकिंग कर रही थी। गगोल-काशी संपर्क मार्ग पर दो गाड़ियां आती दिखाई दी। पुलिस ने दोनों गाड़ियों को रुकने का इशारा किया। जैसे ही गाड़ी पास आई, तभी चलती गाड़ी से तीन युवक कूदकर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों गाड़ियों को रुकवा लिया और उन तीनों लोगों को भी हिरासत में ले लिया। मौके से कुल सात लोग हिरासत में लिए गए। पूछताछ करने पर उनके पास कोई वाहन पास नहीं मिला। इसके अलावा दोनों गाड़ियों के कागज भी वह नहीं दिखा पाए। सख्ती से पूछताछ पर उन्होंने बताया कि वह इन भैंसों को कटान के लिए ले जा रहे थे।
सीओ ब्रह्मपुरी चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि सात लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनमें परतापुर काशी गांव के मन्नान, सलीम, जोएब, नईम, इंतजार, सलीम, तहसीन शामिल हैं। सभी के खिलाफ लॉकडाउन उल्लंघन, पशु क्रूरता अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।