सीसीएसयू के एडमिशन पोर्टल पर रविवार शाम से ग्रेजुएशन सेल्फ फाइनेंस और प्रोफेशनल कोर्स के रजिस्ट्रेशन शुरू हो गए। वहीं एलएलबी के रजिस्ट्रेशन शुरू होने में थोड़ा वक्त लगेगा। विवि के प्रेस प्रवक्ता डॉ. प्रशांत कुमार के मुताबिक पोस्ट ग्रेजुएशन के रजिस्ट्रेशन दो अगस्त शाम तक ओपन कर दिए जाएंगे।
रविवार शाम साढ़े सात बजे से ग्रेजुएशन सेल्फ फाइनेंस और प्रोफेशनल कोर्स के रजिस्ट्रेशन शुरू हो गए, जो सात अगस्त तक चलेंगे। 12वीं पास छात्र-छात्राएं जल्द से जल्द अपना रजिस्ट्रेशन करा लें। जिन्होंने रजिस्ट्रेशन करा रखा है और किसी कॉलेज की मेरिट में नाम नहीं आया है। वह अपना रजिस्ट्रेशन ट्रांसफर कर सकते हैं। इसका कोई चार्ज नहीं लगेगा। रजिस्ट्रेशन ट्रांसफर करने के लिए कैंडीडेट अपनी लॉगिन आईडी में जाएं और वहां से कोर्स और कॉलेज बदल दें। उसका रजिस्ट्रेशन नंबर बदल जाएगा। पुराना रजिस्ट्रेशन नंबर ओपन मेरिट तक वैलिड रहेगा। पुराने रजिस्ट्रेशन से वह ओपन मेरिट में एडमिशन पाने की योग्यता रखेगा। बशर्ते सीट खाली हो।
मान्यता को लेकर अपडेट सीट लटकी
पोस्ट ग्रेजुएशन कोर्स और एलएलबी के रजिस्ट्रेशन शुरू होने में देरी की वजह सीटों का अपडेट नहीं होना और मान्यता है। विवि का मान्यता विभाग इस काम में जुटा है। अपडेट सीटों की संख्या नहीं मिलने की वजह से अभी रजिस्ट्रेशन ओपन नहीं किए जा रहे हैं। रजिस्ट्रेशन शुरू होने से पहले विवि को यह पता होना चाहिए कि किस विषय में कुल कितनी सीट हैं। उन सीटों और कॉलेज के आधार पर ही रजिस्ट्रेशन होने हैं। यूजी और पीजी के रजिस्ट्रेशन का काम 15 अगस्त तक पूरा होने उम्मीद है।
साढ़े तीन लाख से अधिक रजिस्ट्रेशन हुए
मेरठ और सहारनपुर मंडल में ट्रेडिशनल कोर्स में बीए, बीएससी और बीकॉम में साढ़े तीन लाख से अधिक रजिस्ट्रेशन हुए हैं। ये रजिस्ट्रेशन करीब 37 हजार सीटों के लिए हुए हैं। विवि ने रजिस्ट्रेशन ट्रांसफर करने की सुविधा दी है। सेल्फ फाइनेंस और प्रोफेशनल कोर्स में नए रजिस्ट्रेशन होने से अधिक ट्रांसफर केस होंगे।