सीसीएसयू कैंपस-कॉलेजों में पीजी की दूसरी मेरिट विवि ने जारी कर दी है। बुधवार से छात्र-छात्राएं कॉलेजों में एडमिशन ले सकेंगे। इस मेरिट से एडमिशन की अंतिम तिथि 29 अक्तूबर है। छात्र-छात्राएं अपनी लॉगइन आईडी से ऑफरलेटर डाउनलोड करके सारे प्रमाण पत्र साथ लेकर जाएं। वहीं, यूजी कोर्सों में रजिस्ट्रेशन की बुधवार को अंतिम तिथि है।
प्रवेश समन्वयक प्रो. भूपेंद्र सिंह ने बताया कि यूजी में बुधवार को रजिस्ट्रेशन किए जाने के बाद गुरुवार से दो दिन ऑफरलेटर जमा करने के लिए दिए जाएंगे। सभी छात्र-छात्राएं अपनी लॉगइन आईडी से खाली ऑफर लेटर डाउनलोड करेंगे और कॉलेजों में जमा करेंगे। कॉलेज ऑफर लेटर के मुताबिक नियमानुसार मेरिट जारी कर एडमिशन करेंगे।
बीए-बीएससी-बीकॉम में नए सिलेबस से चलाएं कक्षाएं
सीसीएसयू कैंपस और कॉलेजों में बीए-बीएससी-बीकॉम में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत सेमेस्टर सिस्टम से पढ़ाई होनी है। ऐसे में इस बार नए सिलेबस से पढ़ाई होगी। पैटर्न को लेकर विवि की तरफ से पहले ही सभी कॉलेजों को निर्देश दिए जा चुके हैं। रजिस्ट्रार धीरेंद्र कुमार वर्मा ने मंगलवार को इस संबंध में सभी कॉलेजों को निर्देश जारी कर दिए हैं।
पुराने सिलेबस से ही होगी पढ़ाई
तीनों कोर्सों में प्रथम वर्ष में नए सिलेबस से पढ़ाई होगी। वहीं, द्वितीय और तृतीय वर्ष में पुराने सिलेबस से ही पढ़ाई होगी। विवि ने सभी कॉलेजों को कक्षाओं का टाइम टेबिल बनाकर विवि को भेजने के लिए कहा है। लंबे समय से कॉलेजों में ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से पढ़ाई नहीं हो रही है, जिस कारण छात्र-छात्राओं का बड़ा नुकसान हो रहा है।
कैंपस में एनसीसी के लिए 30 अक्तूबर को होगा टेस्ट
सीसीएसयू कैंपस में नए शैक्षणिक सत्र 2021-22 से एनसीसी में प्रवेश के लिए 30 अक्तूबर को टेस्ट होगा। बी और सी सर्टिफिकेट के लिए विश्वविद्यालय लिखित परीक्षा और साक्षात्कार करेगा। एनसीसी बी सर्टिफिकेट एक साल के लिए है। इसमें 18 कैडेट्स चुने जाएंगे। विवि ने वेबसाइट पर पूरी जानकारी अपलोड कर दी है। इनमें 16 से 26 साल आयु वर्ग के कैंपस के छात्र-छात्राएं आवेदन कर सकते हैं। सी सर्टिफिकेट में भी इस साल 18 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। विवि में पढ़ने वाले छात्र जिन्होंने बी सर्टिफिकेट हासिल किया है, वे सी सर्टिफिकेट के लिए आवेदन कर सकते हैं। सी सर्टिफिकेट के लिए 16 से 26 साल आयु निर्धारित है।
इन टेस्टों से गुजरना होगा
एनसीसी में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी अपने आईकार्ड, फीस की रसीद लेकर 30 अक्तूबर को होने वाले फिजिकल फिटनेस टेस्ट, रिटेन टेस्ट और स्पीच टेस्ट में शामिल होना होगा। प्रथम वर्ष में इन परीक्षाओं से मेरिट बनाकर 18 छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा। विश्वविद्यालय परिसर में एनसीसी कार्यालय कांशीराम शोधपीठ बिल्डिंग में सुबह साढ़े नौ बजे टेस्ट लिया जाएगा। एनसीसी आफिसर डॉ. अनिल यादव ने बताया कि बीए, बीएससी, बीकाम, एलएलबी, बीटेक प्रथम वर्ष के सभी छात्र-छात्राएं एनसीसी के बी सर्टिफिकेट के लिए आवेदन कर सकते हैं। पांच वर्षीय एलएलबी पाठ्यक्रम वाले छात्र-छात्राएं भी आवेदन कर सकते हैं।