लावड़। महल गांव में छात्र दिशांक के साथ हुई मारपीट के मामले में दूसरी फुटेज सामने आई है। इसमें नामजद किए गए आरोपी भीम को दिशांक अपने साथियों के साथ स्कूल के बाहर प्रधानाचार्य के सामने से खींचकर ले गया और लाठी डंडों से मारपीट की। जान बचाकर भीम दोबारा स्कूल की ओर दौड़ा। भीम के परिजनों ने भी तहरीर दी है। दूसरी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
महल गांव निवासी जॉनी ने इंचौली थाने में सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देते हुए तहरीर दी थी। जोनी ने बताया कि लावड़ कस्बे के मोहल्ला खारी कुआं निवासी दिशांक अपने साथी आर्य नारायण, रुद्र नारायण के साथ भीम के स्कूल के बाहर पहुंचा। भीम आरोपियों को देखकर अपने प्रधानाचार्य के पास खड़ा हो गया और सुरक्षा की गुहार लगाई। फुटेज में दिख रहा है कि दिशांक अपने साथियों के साथ भीम को प्रधानाचार्य के सामने से खींचकर ले गया और लाठी डंडों से मारपीट कर दी। भीम ने किसी तरह अपनी जान बचाई और दोबारा स्कूल की ओर भाग आया। दिशांक ने लावड़-मसूरी मार्ग पर स्थित एक स्कूल में पढ़ने वाले भीम के भाई जतिन को भी मारने की धमकी दी थी। परिजन व ग्रामीण जतिन को बचाने पहुंचे तो वहां पहले से ही आरोपी खड़े मिले।
ग्रामीणों को देखकर वह भागने लगे। दिशांक स्कूटी फिसलने से घायल हो गया। दूसरी फुटेज सामने आने पर पुलिस बृहस्पतिवार को ग्रामीणों के बयान दर्ज करने पहुंची और स्कूल पहुंचकर जानकारी जुटाई। पीड़ित ने एसएसपी से भी मामले की शिकायत की। बताया कि पुलिस ने बिना जांच पड़ताल दिशांक के पिता हरपाल की तहरीर पर उसके व उसके परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया। इंचौली थाना प्रभारी ने बताया कि हरपाल पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। दूसरे पक्ष की तहरीर भी मिली है। पुलिस फुटेज के आधार पर जांच कर उनकी शिकायत पर भी मुकदमा दर्ज किया जाएगा।