मुंडाली। प्रदेश सरकार द्वारा आपरेशन कायाकल्प का आयोजन कराया जा रहा है। इसमें पंचायती राज विभाग एवं प्राथमिक विद्यालय दोनों मिलकर सामूहिक रूप से कार्य करेंगे।
रजपुरा ब्लॉक के कार्यालय सभागार में शिक्षा विभाग पंचायती राज विभाग ग्राम प्रधानो की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। रजपुरा ब्लॉक के बीडीओ का प्रभार जिला विकास अधिकारी दिग्विजय नाथ तिवारी के पास है। उन्होंने कहा कि ब्लॉक क्षेत्र के सभी प्राइमरी जूनियर विद्यालयों कायाकल्प किया जाएगा। इसके योजना अतिशीघ्र शुरू होकर मार्च तक समाप्त होना है। जिसके द्वारा कक्षाओं, रसोईघर में टाइल्स, फर्नीचर, शौचालय, वॉशबेसिन, स्कूल की चारदीवारी, अतिरिक्त कक्ष, शुद्ध पेयजल को सबमर्सिबल, कक्षाओं एवं रास्तों में इंटरलाकिंग, ब्लैक बोर्ड, स्कूल की मूलभूत सुविधाओं का होना आदि सभी का कायाकल्प किया जाएगा। योजना के लिए पंचायती विभाग से धनराशि खर्च की जाएगी। खंड शिक्षा अधिकारी रजपुरा भारत भूषण त्यागी व बीडीओ दिग्विजय नाथ तिवारी के अनुरूप इस योजना का पूरा प्लान तैयार किया गया है। जिससे शीघ्र कार्य शुरू किया जा सके। इस दौरान एडीओ पंचायत ओमकार नाथ दूबे, विक्रम सिंह, विद्यालयों के प्रधानाध्यापक तथा मऊखास, नंगलामल, भगवानपुर चट्टावन, समयपुर, सिसौली, मुरलीपुर, हसनुपर कदीम, आलमपुर, गांवड़ी, बढ़ला कैथवाड़ा, किनानगर आदि गांवों के ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।