मेरठ में बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ कर रहे निजी स्कूलों को लेकर अफसर सख्त हो गए। स्कूलों की बसों को लेकर पुलिस अफसरों ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। दूसरे दिन भी ट्रैफिक पुलिस ने अभियान चलाकर 22 बसों को चेक किया। इनमें से चार स्कूल बसों के चालान किए गये।
एसपी ट्रैफिक संजीव बाजपेयी के निर्देश पर शनिवार को दूसरे दिन भी ट्रैफिक इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने कमिश्नरी आवास चौराहे पर अभियान चलाया। टीआई ने बताया कि स्कूल बसों में ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं हो रहा। नियम तोड़ने को लेकर चालान की कार्रवाई की जा रही है। एसपी ट्रैफिक ने बताया कि शासन द्वारा सख्त निर्देश दिए गये हैं।
एसएसपी, आईजी और एडीजी ने भी नियम तोड़ने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अभी ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी नोएडा में वीआईपी कार्यक्रम में लगी है। मंगलवार से पूरे शहर में अभियान चलाया जाएगा।