एमडीए की टीम ने बृहस्पतिवार को तूफानी अंदाज में अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की। कासमपुर में सपा नेता की 10 अवैध दुकानें ध्वस्त की, वहीं दिल्ली रोड पर एक इलेक्ट्रनिक और भवन पर सील लगाई। इसके बाद मोहनपुरी में भी एमडीए टीम ने सील की कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान विरोध को देखते हुए काफी पुलिस बल मौजूद था।
कमिश्नर डॉ. प्रभात कुमार ने स्पष्ट रूप से दिल्ली रोड के दो बड़े निर्माणों पर सील लगाने के निर्देश दिए थे। बृहस्पतिवार को जोनल प्रभारी अजीत त्यागी के नेतृत्व में टीम भारी पुलिस बल, पीएसी के साथ दिल्ली रोड पर निकली। यहां दिल्ली चुंगी के पास स्थित बीको तथा अन्य इलेक्ट्रानिक आइटम के शोरूम नवीन इलेक्ट्रॉनिक्स पर सील लगाई गई। आशंका थी कि यहां विरोध होगा, लेकिन पुलिस बल देखकर ऐसा कुछ नहीं हुआ। अजीत त्यागी के मुताबिक बीको शोरूम (नवीन इलेक्ट्रानिक्स) जिसका निर्माण प्रवीण कुमार जैन ने 2004 से 2014 के मध्य कराया गया, इसका कुल क्षेत्रफल 435 वर्गमीटर है। इसका मानचित्र ही स्वीकृत नहीं कराया गया।
इसके बाद टीम अतुल माहेश्वरी सेतु के नीचे स्थित माधुरी भवन बारात घर पर पहुुंची और सील लगा दी। यह बारात घर पीडब्ल्यूडी हाउसिंग सोसाइटी के भूखंड संख्या 02 के आंशिक, भूखंड संख्या 07 में वर्ष 2007 से 12 के मध्य बनाया गया। इसका कुल क्षेत्रफल 798 वर्ग मीटर है। अजीत त्यागी ने बताया कि बारात घर स्वामी भूपेंद्र शर्मा द्वारा बिना नक्शा पास कराए यह निर्माण कराया गया। एमडीए में नक्शा जमा करने के उपरांत लगाई गई आपत्तियों का निस्तारण भी भवन स्वामी द्वारा नहीं कराया गया तथा यह अवैध रूप से संचालित किया गया। एसपी सिटी मानसिंह चौहान, सीओ सिटी रणविजय सिंह, सीओ ब्रह्मपुरी धर्मेंद्र चौहान, अवर अभियंता प्रमोद कुमार, शिव कुंवर, आनंद श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
दूसरी तरफ मोहनपुरी में भी टीम ने एक्शन लिया। जोनल प्रभारी एपी सिंह यहां टीम के साथ पहुंचे। उन्होंने बताया कि दीपक गुप्ता ने यहां कांप्लेक्स बनाया है। हालांकि मानचित्र स्वीकृत है पर पार्किंग के स्थान पर उन्होंने दुकानें बना दी। ऐसे में इन दुकानों पर सील लगा दी गई।
जेसीबी ने दुकानें की ध्वस्त
मेरठ विकास प्राधिकरण की पांच सदस्य टीम एमडीए के अपर सचिव बैजनाथ सिंह के नेतृत्व में मय फोर्स के कासमपुर पहुंची। यहां सपा नेता रहीमुद्दीन निवासी पटेल पुरी द्वारा सपा सरकार में निगम की जमीन पर कब्जा कर अवैध रूप से बनाई गई 10 दुकानों को जेसीबी से कुछ ही देरी में ध्वस्त कर दिया। जेई महादेव शरण गुप्ता ने बताया कि आरोपी को कई बार नोटिस देकर चेताया गया था, लेकिन उसने अवैध निर्माण करा लिया। एमडीए ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई कर दी है, अब बाकी काम नगर निगम का काम है कि वह जमीन कब्जामुक्त कराता है या नहीं। वहीं कासमपुर में क्षेत्र के कुछ लोग बच्चा श्मशान की भूमि के बराबर में मंदिर का निर्माण कर अवैध रुप से कब्जा करने की फिराक में लगे हुए हैं। उन्होंने भूमि पर अवैध रूप से एक दीवार का भी निर्माण कर दिया था। उसे भी एमडीए ने ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान नोडल अधिकारी जितेंद्र सिसौदिया, जेई ओंकार सिंह, रविन्द्र गुप्ता आदि मौजूद रहे।
नगर निगम की हजारों वर्ग मीटर जमीन पर कब्जा
कासमपुर में नगर निगम की कई हजार वर्ग मीटर जमीन है। जिस पर क्षेत्र के दबंग लोग और भूमाफिया शुरू से ही कब्जे की फिराक में लगे हुए हैं। अब तक करीब एक हजार वर्ग मीटर जमीन पर भू माफिया कब्जा कर चुके हैं। पहाड़ीनुमा टीले को काट काटकर अस्थायी रूप से निर्माण कर उसमें पशु वगैरा बांधकर जमीन पर धीरे धीरे कब्जा किया जा रहा है। इसकी शिकायत क्षेत्र के लोग दर्जनों बार नगर निगम से कर चुके हैं, लेकिन इस तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहा है। कासमपुर में एक तालाब पर भी कब्जे का प्रयास किया जा रहा है।