बैठक लेते कमिश्नर डॉ. प्रभात कुमार
मेेरठ। मंडलायुक्त ने स्पष्ट कहा है कि 15 जून तक सभी सड़कें हर हाल में गड्ढा मुक्त हो जानी चाहिए। गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। कार्य से पहले और बाद में सत्यापन के लिए वीडियोग्राफी कराएं। कमिश्नरी सभागार में बृहस्पतिवार को आयोजित समीक्षा बैठक ने मंडलायुक्त डा. प्रभात कुमार ने नगर निगम व लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंताओं को ये निर्देश दिए। कहा कि वह प्रिंट तथा इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में भी कार्यों को दिखाएं ताकि समाज में सकारात्मक संदेश जाए। उन्होंने जिला पंचायत द्वारा लक्षित सड़कों पर कार्य प्रारंभ न करने पर नाराजगी जताते हुए इस संबंध में शासन को पत्र भेजने के निर्देश दिए। संयुक्त विकास आयुक्त एबी मिश्रा ने बताया कि नगर निगम द्वारा लक्षित 55.38 किमी में से 45.48 किमी पर और एमडीए द्वारा लक्षित 20 किमी में से 12 किमी पर कार्य पूर्ण कराया जा चुका है। आरईएस विभाग द्वारा जिले में लक्षित सभी 24 सड़कों पर कार्य पूर्ण किया जा चुका है।
बैठक में मंडल की नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों, गन्ना विभाग आदि की प्रगति आख्या की विस्तार से समीक्षा की गयी। बैठक में एमडीए अधीक्षण अभियंता शबी हैदर, नगर निगम के मुख्य अभियंता केबी वार्ष्णेय सहित सभी जिलों के संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
मेरठ का हाल
संयुक्त विकास आयुक्त ने बताया कि जिला पंचायत द्वारा 4.215 किमी सड़कों को गड्ढा मुक्त करना था। उनके द्वारा यह कार्य तथा विशेष मरम्मत व नवीनीकरण कार्य अभी तक प्रारंभ नहीं कराया गया है। कृषि उत्पादन मंडी परिषद द्वारा 140 किमी लक्षित सड़कों में से 65 किमी पर कार्य पूर्ण कराया जा चुका है। मुख्य अभियंता लोनिवि यूके गहलोत ने बताया कि लोनिवि द्वारा मंडल में 3410 किमी के लक्ष्य में 2399 किमी कार्य को पूर्ण किया जा चुका है। पैचवर्क में 2298.45 किमी में से 2041.30 किमी, नवीनीकरण में 434.67 किमी में से 213.16 किमी पर तथा विशेष मरम्मत में 677.43 किमी में से 144.76 किमी को पूर्ण कर लिया गया है।
- मंडलायुक्त ने की समीक्षा बैठक
- कार्य से पहले और बाद में सत्यापन के लिए कराएं वीडियोग्राफी