चूंकि सेंटर रूस के विवि द्वारा संचालित होगा, इसलिए 14 सितंबर को राजभवन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की मौजूदगी में सीसीएसयू कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला और मिनिन यूनिवर्सिटी के कुलपति के बीच में एमओयू होगा। 15 सितंबर को सेंटर का उद्घाटन विदेश मंत्री एस. जयशंकर करेंगे। इस दौरान रूस के राजदूत सहित अन्य मौजूद रहेंगे।
विवि के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि सोमवार को कुलपति ने विदेश मंत्री के कार्यक्रम को लेकर न सिर्फ जिम्मेदारियां सौंपी, बल्कि हर काम समय से पूरा करने के निर्देश भी दिए।
विदेश मंत्री पहले विद्यार्थियों के साथ संवाद करेंगे और फिर सेंटर का उद्घाटन। इसके बाद वह कुलपति कार्यालय के कमेटी हॉल में सांसद, विधायक व प्रबुद्ध वर्ग के साथ बातचीत करेंगे।
एजूकेशन के लिए इंटर एक्सचेंज होंगे विद्यार्थी
मिनिन और सीसीएसयू के बीच एमओयू के तहत विद्यार्थियों को इंटर एक्सजेंच करके पढ़ाया जाएगा। उन्हें न सिर्फ भाषाई और संस्कृति आधारित शिक्षा दी जाएगी, बल्कि शोध के क्षेत्र में भी संयुक्त रूप से काम किया जाएगा। समन्वयक प्रो. आरके सोनी ने बताया 15 सितंबर को वर्तमान में रूस की भाषा व संस्कृति को पढ़ने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र दिया जाएगा।
इसके बाद करीब 250 विद्यार्थियों को पढ़ाया जाएगा। जनवरी में रूस के छात्रों का एक समूह सीसीएसयू आएगा, जो भारतीय भाषा व संस्कृति को जानेगा और समझेगा। इसके बाद सीसीएसयू की तरफ से छात्रों को पढ़ाई के लिए भेजा जाएगा। इसका पूरा मसौदा एमओयू के बाद ही बताया जा सकेगा।
सीसीएसयू में दीक्षांत समारोह के लिए वेशभूषा तय
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) ने दीक्षांत समारोह में शामिल होने वाले विद्वत परिषद सदस्य, कार्य परिषद सदस्य व सभी कॉलेजों के प्राचार्यों की वेशभूषा तय कर दी गई है। समारोह शुरू होने से एक घंटे पहले नेताजी सुभाषचंद्र बोस प्रेक्षागृह के पास बने ड्रेसिंग रूम में वेशभूषा में पहुंचकर दीक्षांत परिधान ग्रहण किए जाएंगे।
कुलसचिव धीरेंद्र कुमार की तरफ से जारी किए पत्र में कहा गया है कि पांच अक्तूबर को प्रस्तावित 35वें दीक्षांत समारोह होगा। कुलाधिपति के नेतृत्व में होने वाले समारोह में विवि से संबद्ध राजकीय एवं अनुदानित कॉलेजों के प्राचार्यों को शामिल होना है।
समारोह में समरूपता लाने के लिए वेशभूषा तय की गई है। पुरुष वर्ग को क्रीम कलर का बंद गले का सूट व काले जूते और महरून रंग का उत्तरीय पहनना है।
वहीं, महिला वर्ग को क्रीम कलर की साड़ी लाल बार्डर, लाल ब्लाउज और क्रीम कलर की स्लीवलैस जैकेट व महरून कलर का उत्तरीय पहनाना है। कुलसचिव ने कहा है कि दीक्षांत समारोह शुरू होने से एक घंटे पहले ड्रेसिंग रूम में निर्धारित वेशभूषा में पहुंचकर उत्तरीय ग्रहण करना है।