दौराला- रूस की महिला को लेकर जा रहे चालक राजू ने थाने पर मारपीट की दी जानकारी। स्रोत : संवाद
दौराला (मेरठ)। दिल्ली एयरपोर्ट से रूस की महिला अलजेंद्रा को लेकर ऋषिकेश जा रहे टैक्सी चालक बदायूं निवासी राजू के साथ सिवाया गांव के पास एक बाइक सवार युवक ने मारपीट की। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है।
राजू ने बताया कि वह टैक्सी चालक है। बृहस्पतिवार को उसने अलजेंद्रा को दिल्ली एयरपोर्ट से रिसीव किया और ऋषिकेश लेकर जा रहा था। बताया कि बारिश के कारण हाईवे किनारे जलभराव हो रहा है। सिवाया गांव पहुंचने के बाद एक वाहन को बचाने के फेर में वह साइड से टैक्सी निकालने लगा। इस कारण उसकी टैक्सी का पहिया पानी में जाने पर एक बाइक सवार के ऊपर पानी के छींटे चले गए। गुस्साए बाइक सवार ने उसकी टैक्सी को रोक लिया और गाली गलौज करने लगा। राहगीरों ने उसे बचाया। थाने पहुंचकर पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। तहरीर देने के बाद चालक ऋषिकेश के लिए रवाना हो गया। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल का कहना है कि सीसीटीवी की फुटेज खंगालकर बाइक सवार के बारे में जानकारी की जा रही है।