दौराला। हस्तिनापुर के गणेशपुर निवासी सोहेब ने सुरानी गांव निवासी पांच युवकों पर पुराने विवाद के चलते मारपीट करने का आरोप लगाया है। घायल युवक ने दौराला थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने घायल को सीएचसी दौराला में उपचार दिलाया। सोहेब ने बताया कि वह मवाना स्थित एक मेडिकल स्टोर पर कार्य करता है। बृहस्पतिवार को वह दवाई दौराला में सप्लाई करने आया था। उसके साथ मवाना निवासी सागर भी था। बताया कि उसके भाई कामिल की ससुराल सुरानी गांव में है और उसका ससुराल पक्ष के लोगों से विवाद चला आ रहा है। दौराला में दवाई सप्लाई करने के दौरान भाई के ससुराल पक्ष के पांच परिचित युवक दो बाइकों पर सवार होकर आए। उन्होंने मटौर कट के पास उसे रोक लिया और गाली गलौज करते हुए मारपीट कर दी। आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।