परीक्षितगढ़ में किठौर मार्ग स्थित ग्राम गांवड़ा मोड़ के निकट मुर्दा मवेशी ठेकेदार द्वारा हडवार में मृत गाय का कटान करने पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने तीन लोगों को पकड़ लिया और जमकर धुनाई की। इस दौरान एक आरोपी किसी तरह छूटकर फरार हो गया। पुलिस ने बाकी दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
बड़ा गांव निवासी बलवीर सिंह की बृहस्पतिवार अलसुबह गाय का मर गई थी। उसने मुर्दा मुवेशी ठेकेदार मवाना निवासी खालिद को इसकी जानकारी दी। इस पर ठेकदार अपने दो साथियों के साथ गांव पहुंचा। वे मृत गाय को बुग्गी में लादकर किठौर मार्ग स्थित गावंड़ा मोड़ के समीप हड़वारों में पहुंचा। वहां ठेकेदार और उसके दो साथी मृत गाय का कटान करने लगे। इसकी जानकारी आसपास के खेतों में काम कर रहे किसानों ने बजंरग दल के कार्यकर्ताओं को जानकारी दी। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर मुर्दा मवेशी ठेकेदार समेत तीनों को पकड़ लिया तथा जमकर धुनाई की। इस दौरान ठेकेदार खालिद लोगों से छूटकर फरार हो गया। इसकी जानकारी पाकर पुलिस वहां पहुंच गई। ठेकेदार के दोनों साथियों को बजरंग दल कार्यकर्ताओं से छुड़ाकर थाने ले गई।
उन्होंने अपना नाम सलमान पुत्र खालिद निवासी मवाना, जावेद पुत्र शकील निवासी परीक्षितगढ़ बताया। पुलिस ने किसी तरह लोगों को शांत किया और ग्रामीणों की मदद से हडवार में गड्डा खुदवाकर मृत गाय को दबवा दिया। हंगामा करने वालों में विकल गुर्जर, राहुल गुर्जर, लक्ष्मण, नरेश शर्मा, शिवम मावी, आकाश, सोनू, मलूकी, योगेन्द्र आदि दर्जनों लोग मौजूद रहे।
ठेकेदार ने लिया था पैसा
गाय मालिक बलवीर सिंह ने बताया कि उसने को ठेकेदार को मृत गाय दबवाने केलिए एक हजार रुपये दिए थे। उसे नहीं पता था कि ठेकेदार मृत गाय का कटान करेगा। ठेकेदार के खिलाफ गोकशी का मुकदमा दर्ज हो।