यूपी के बागपत में पूर्व विधायक एवं रालोद नेता करतार सिंह भड़ाना ने चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में सीजेएम कोर्ट में सरेंडर कर दिया। हालांकि बाद में उन्हें जमानत मिल गई। उन्होंने 2017 में रालोद के टिकट पर बागपत विधानसभा से चुनाव लड़ा था, जिसमें भड़ाना पर आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया था।
विधानसभा चुनाव 2017 में रालोद के टिकट पर बागपत विधानसभा से खतौली के पूर्व विधायक करतार सिंह भड़ाना पुत्र नाहर सिंह निवासी जागृति विहार मेरठ ने चुनाव लड़ा था। चुनावी सभाओं में आचार संहिता के उल्लंघन पर मुकदमा दर्ज किया गया था। चुनाव के दौरान उनके खिलाफ ही आचार संहिता के सबसे ज्यादा मुकदमे दर्ज हुए थे। उनके खिलाफ लोक प्रतनिधित्व अधिनियम 171ए, धारा 188 आईपीसी एवं 123(2) के तहत कार्रवाई हुई थी। यह मामला सीजेएम कोर्ट में चल रहा है।
इस मामले में बुधवार को उन्होंने कोर्ट में पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। थोड़ी देर बाद उन्हें कोर्ट से जमानत मिल गई। एसएसआई धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि रालोद नेता एवं पूर्व विधायक करतार सिंह ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/