संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) के मुख्यालय ऊर्जा भवन में शनिवार को पेंशन अदालत का आयोजन किया गया। प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन, पारिवारिक पेंशन एवं अन्य देयों से संबंधित समस्याओं को सुना गया।
अदालत में मेरठ, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, मुरादाबाद आदि जिलों के 11 प्रकरणों पर सुनवाई हुई। इसमें लंबित पेंशन, ग्रेच्युटी, चिकित्सा प्रतिपूर्ति सहित अन्य देयों के प्रकरणों के निस्तारण के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए। अगली त्रैमासिक पेंशन अदालत 12 सितंबर को आयोजित होगी।
अध्यक्षता निदेशक कार्मिक एवं प्रशासन आशु कालिया ने की। पेंशनर्स एवं कर्मचारी संगठनों ने इस पहल की सराहना की। इस अवसर पर मुख्य अभियंता मोहम्मद सगीर, गुलाब सिंह, एसके अग्रवाल, अनुराग कुमार, परवेज आलम, प्रभात कुमार, सचिन कांबोज, पुनीत, विवेक कुलश्रेष्ठ, राजीव आनंद, एचके सिंह आदि मौजूद रहे।