मेरठ कॉलेज में विशेष व्याख्यान में विशेषज्ञों ने दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। शोध का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि समाज की ज्वलंत समस्याओं का समाधान तलाशना और ज्ञान के क्षेत्र में मौलिक योगदान करना होना चाहिए। शोध का विषय शोधार्थी की रुचि के अनुरूप होने के साथ वर्तमान समय में प्रासंगिक भी हो, ताकि वह विषय के साथ पूरी तन्मयता से न्याय कर सके।
यह बात दिल्ली विश्वविद्यालय के विधि संकाय के प्रो. अनुराग दीप ने गुरुवार को मेरठ कॉलेज के विधि विभाग में आयोजित विशेष व्याख्यान में कही। प्रो. अनुराग दीप ने कहा कि शोध विषय ऐसा होना चाहिए, जो समाज के हित और जनकल्याण से जुड़ा होना चाहिए। जहां तक संभव हो, ऐसे विषय का चयन करना चाहिए जिस पर अभी तक शोध नहीं हुआ हो या नए दृष्टिकोण से अध्ययन की आवश्यकता हो।
उन्होंने शोध विषय के चयन से पहले संबंधित विषय पर उपलब्ध शोध साहित्य का गहन अध्ययन करने पर जोर दिया। इससे शोध के रिसर्च गैप यानी शोध के उस क्षेत्र की पहचान हो सकेगी, जिस पर अभी पर्याप्त काम नहीं हुआ है।
संचालन प्रो. एमपी वर्मा ने किया और धन्यवाद ज्ञापन प्रो. डीएन द्विवेदी ने दिया। कार्यक्रम में प्रो. द्वारिका प्रसाद, प्रो. अनुराग सिंह, प्रो. हरिशंकर राय, डॉ. कौशल प्रताप सिंह, डॉ. दानिश, डॉ. जितेंद्र कुमार और विभागाध्यक्ष प्रो. प्रवीन दुबलिश का विशेष योगदान रहा।