सिख युवकों से मारपीट व केश काटने पर 15 पर रिपोर्ट
परीक्षितगढ़। सिख समाज के दो युवकों के साथ विद्युत प्लांट के ठेकेदार द्वारा मारपीट व केश काटने के मामले में पीड़ित की मां ने 15 अज्ञात लोगों पर धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने व मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
दिल्ली निवासी मुकेश सिंह, विक्रम सिंह गांव अहमदपुरी में निर्माणाधीन विद्युत प्लांट पर सरिया काटने व लेंटर डालने का काम कर रहे थे। दो दिन पूर्व उन्होंने ठेकेदार से मजदूरी के पैसे मांगे। आरोप है कि ठेकेदार ने दोनों सिख युवकों पर चोरी का आरोप लगाते हुए उनके साथ लाठी डंडों से मारपीट करते हुए कमरे में बंधक बना लिया था। आरोपियों ने दोनों युवकों केश काट दिए थे। वहीं, पुलिस ने जांच किए बिना ही दोनों युवकों को थाने की हवालात में बंद कर दिया था। मंगलवार को सिख समाज के लोगों को केश काटने की जानकारी मिलने पर सिख समाज के लोगों ने ठेकेदार पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी। बुधवार को पुलिस ने पीड़ित की मां फूलकौर की तहरीर पर 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।