मेरठ। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से वर्ष 2026-27 के लिए होने वाले सभी ट्रायल के लिए ऑनलाइन पंजीकरण आज से शुरू कर दिए गए हैं। खिलाड़ियों को कोई भी ट्रायल देने के लिए पहले यूपीसीए के https://registration.upca.tv/ लिंक पर जाकर पंजीकरण कराना होगा। इस पर खिलाड़ी की पंजीकरण आईडी भी पोर्टल से ही बन जाएगी।
जिला क्रिकेट संघ के सचिव सुरेंद्र चौहान ने बताया कि पंजीकरण करते हुए खिलाड़ी को ऑनलाइन विंडो पर ही सभी जानकारी जैसे नाम, पता, पिता का नाम, आयु और अपने जनपद की जानकारी और आयु वर्ग भरना होगा। इसके लिए 400 रुपये शुल्क भी जमा होगा, इसका ई चालान भी मिलेगा। चालान की कॉपी निकाल कर खिलाड़ी को संघ के राजलोक आईसीआईसीआई बैंक बेसमेंट स्थित कार्यालय पर जमा करनी होगी।
पंजीकरण करते समय खिलाड़ी को अपना वर्तमान फोटो और आधार कार्ड और डिजिटल जन्म प्रमाण पत्र अपलोड करना होगा। फिलहाल 15 दिनों के लिए यूपीसीए के उपरोक्त पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन होगा। कोई भी खिलाड़ी कितने भी निर्धारित आयु वर्ग में पंजीकरण कर सकेगा। एक मोबाइल नंबर से एक ही खिलाड़ी पोर्टल पर पंजीकरण कर सकेगा। अगर खिलाड़ी इस संबंध में कोई जानकारी प्राप्त करना चाहता है। वह एसोसिएशन के कार्यालय पर जाकर भी जानकारी प्राप्त कर सकता है।