मवाना। भगवान महावीर स्वामी का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। भगवान महावीर स्वामी को सुसज्जित रथ पर विराजमान कर भव्य रथयात्रा निकाली गई। कार्यक्रम की शुरुआत प्रभात फेरी से हुई। इसमें श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से भगवान महावीर के जयकारे लगाए। इससे पहले तीर्थंकरों के नाम भक्ति संध्या का आयोजन एएस इंटर कॉलेज में हुआ। इसमें इंदौर के भजन गायक मयूर जैन की टीम ने मधुर भजनों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
भक्ति संध्या के बाद बोली कार्यक्रम हुआ। इसमें भगवान को रथ में विराजमान कर नगर भ्रमण कराने का सौभाग्य पारस जैन (मेरठ) परिवार को प्राप्त हुआ। रथ के सारथी बनने का सौभाग्य सुशील जैन एवं सुशीला जैन (मोदीनगर) को मिला। कुबेर की बोली जयभगवान अरविंद जैन के नाम रही। सोमवार को भगवान महावीर स्वामी को सुसज्जित रथ पर विराजमान कर भव्य रथयात्रा निकाली गई।
रथयात्रा जैन मंदिर से प्रारंभ होकर नगर में निर्धारित मार्गों को होते हुए नगर पालिका मैदान पहुंची, जहां भगवान का अभिषेक सम्पन्न हुआ। इसके बाद रथयात्रा मंदिर पहुंचकर सम्पन्न हुआ। आचार्य विद्यासागर महाराज और ऑपरेशन सिंदूर विषय पर आधारित झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। कार्यक्रम में जैन समाज के अध्यक्ष सुशील जैन, कोषाध्यक्ष राजेंद्र जैन, एडवोकेट शुभम जैन, प्रवीण जैन, मुकेश जैन, मुदित जैन, सारथी जैन, अक्षत जैन सहित अन्य मौजूद रहे।