हस्तिनापुर। राशन की धांधली को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए खंड विकास अधिकारी ने सभी राशन विक्रेताओं कोगड़बड़ी पाए जाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
क्षेत्र के राशन विक्रेता वितरण में गड़बड़ी कर रहे हैं। जिसमें पात्र व्यक्ति की अगर पांच यूनिट है तो उसे मात्र चार यूनिट का ही राशन दे रहे हैं। इसकी खबर अमर उजाला में प्रकाशित की गई। गड़बड़ी की शिकायत क्षेत्र के लोगों द्वारा कई बार मंगल दिवस और उच्च अधिकारियों से भी कर चुके हैं। अब मामला बीडीओ शैलेंद्र कुमार के संज्ञान में पहुंचा तो उन्होंने क्षेत्र के सभी राशन विक्रेताओं को चेतावनी कि यदि राशन की कालाबाजारी की गई तो कड़ी कार्रवाई होगी। बीडीओ ने उपभोक्ताओं से कहा कि यदि कोई राशन विक्रेता गड़बड़ी करता है तो इसकी शिकायत तुरंत करें समस्या का समाधान कराया जाएगा। क्षेत्र के गांव तारापुर में मुनादी करा दी गई। ग्राम पंचायत तारापुर की प्रधान मीनाक्षी द्वारा लोगों को जागरूक करने के लिए ग्राम पंचायत के तारापुर, सराय खादर, फाजलपुर व तारापुरबाग आदि में मुनादी भी कराई गई। जिसमें कहा कि राशन विक्रेता से पूरा राशन लें। यदि कोई आनाकानी करता है तो तुरंत शिकायत ग्राम प्रधान या ग्राम सचिव से कर सकते हैं। जिसके बाद आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।