उम्र कम करने का खेल, चार और स्कूलों की होगी जांच
मेरठ। हाईस्कूल में उम्र कम करने के खेल के मामले में चार और विद्यालयों के विद्यार्थियों की जांच कराई जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक ने इस संबंध में तीन-तीन सदस्यों के साथ तीन समितियों का गठन किया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक गिरजेश चौधरी ने बताया कि बीके इंटर कॉलेज लल्लापुरा, राज विमल हाईस्कूल कालंदी, कुंवर रघुनंदन सिंह हायर सेकेंड्री स्कूल दौराला और आदर्श इंटर कॉलेज समौली की जांच कराई जाएगी। इन विद्यालयों का सेंटर सेंट थामस कन्या इंटर कॉलेज, किसान इंटर कॉलेज गोटका और राष्ट्रीय इंटर कॉलेज लावड़ है। जो तीन जांच समितियां बनाई गई हैं, उनमें शैलेंद्र सक्सेना, शशि सिंह, रेखा यादव, राजीव, हेमलता, नेम सिंह और योगेंद्र सिंह आदि शामिल हैं। दरअसल, यूपी बोर्ड के विद्यालयों में विद्यार्थियों की उम्र में दो से दस साल तक का खेल किया जा रहा है। ऐसी छह विद्यालयों के हाईस्कूल की परीक्षा दे रहे कुछ विद्यार्थी रडार पर हैं। इनकी जांच पहले से चल रही है। शनिवार को राम सहाय इंटर कॉलेज में एक छात्र पकड़ा गया था, जो अपने बड़े भाई केस्थान पर फर्जी आधार कार्ड केजरिए परीक्षा दे रहा था।
चार परीक्षा केंद्रों की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग की होगी जांच
जिला विद्यालय निरीक्षक ने चार परीक्षा केंद्रों से सीसीटीवी रिकॉर्डिंग मंगाई है। संदेह जताया जा रहा है कि इन परीक्षा केंद्रों में कुछ गड़बड़ मिल सकती है। हालांकि बिना जांच पड़ताल किए कुछ भी नहीं कहा जा रहा है। अगर कोई लापरवाही या गड़बड़ मिली तो कार्रवाई तय मानी जा रही है।
सामान्य रहे कंप्यूटर, मनोविज्ञान और शिक्षाशास्त्र के पेपर
मेरठ। सोमवार को हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में कंप्यूटर, मनोविज्ञान और शिक्षाशास्त्र के पेपर थे, जो सामान्य रहे। कंप्यूटर में 1558 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 27 अनुपस्थित रहे। मनोविज्ञान और शिक्षाशास्त्र में 2494 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 178 अनुपस्थित रहे।
100 विद्यार्थी देंगे संस्कृत शिक्षा परिषद की परीक्षा
मेरठ। उत्तर प्रदेश माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद की परीक्षाएं 19 मार्च से शुरू हो रही हैं। इनमें करीब 100 परीक्षार्थी बैठेंगे। एक परीक्षा केंद्र बनाया गया है। ये परीक्षाएं दो अप्रैल तक चलेंगी।