मेरठ। अदालत ने किशोरी से दुष्कर्म के मामले में आरोपी फफूंडा निवासी जाकिर को दोषी पाए जाने पर आजीवन कारावास और 21 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। अभियोजन पक्ष के अनुसार खरखौदा थाने पर किशोरी के पिता ने 30 अप्रैल 2023 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
बताया था कि आरोपी जाकिर ने उसकी नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म किया और विरोध करने पर उससे मारपीट की। पुलिस ने दुष्कर्म, पॉक्सो का केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था जहां से उसे भेज दिया गया था। पुलिस ने मई 2023 को आरोपी के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किए थे। इस मुकदमे की सुनवाई न्यायालय, विशेष न्यायाधीश पोक्सो एक्ट तृतीय में हुई। बुधवार को न्यायालय ने साक्ष्यों के आधार पर जाकिर को सजा सुनाई।
मकान में चोरी करने वाले दो युवकों को सजा
मेरठ। न्यायालय एसीजेएम-7 ने मकान में चोरी करने वाले लोहियानगर निवासी सोनू उर्फ शानू उर्फ शान मोहम्मद और शराफत को दोष सिद्ध होने पर एक वर्ष तीन महीने के कारावास और एक हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई। दोनों मूलरूप से मुजफ्फरनगर जनपद के मीरापुर थाना क्षेत्र के नवादा गांव निवासी है।अभियोजन के अनुसार, ब्रह्मपुरी में घटना 27 जुलाई 2024 को हुई थी। फरमान हुसैन के बंद मकान से सोने-चांदी के आभूषण चोरी हुए थे। पुलिस ने जांच के दौरान दोनों को गिरफ्तार कर उनके पास से दो सोने की अंगूठी बरामद की थी। बुधवार को न्यायालय ने दोनों को सजा सुनाई। अर्थदंड न देने पर 10 दिन का अतिरिक्त कारावास सुनाया है।