मेरठ: रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम फाइल फोटो।
- फोटो : amar ujala
मेरठ में बारिश के पानी को बचाने के लिए एमडीए ने एक और कदम बढ़ा दिया है। शुक्रवार को रेन वाटर हार्वेस्टिंग लगाने के लिए टेंडर निकाले गए। इसमें देव इंफ्रा और बालाजी कंस्ट्रक्शन ने बोली लगाई और काम करने की इच्छा जताई। इससे पहले एक साल से एमडीए की ओर से टेंडर निकाले जा रहे थे, लेकिन कोई ठेकेदार काम करने के लिए तैयार नहीं था। एमडीए की तरफ से विभिन्न स्थानों पर 13 लाख आठ हजार की लागत से रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाए जाने हैं। जिले में पानी का लेवल औसतन 21 मीटर नीचे तक जा चुका है। इसकी भरपाई के लिए मशक्कत की जा रही है।
प्रमुख सचिव आवास दीपक कुमार की ओर से एमडीए को निर्देश जारी करते हुए सभी विभागों में सिस्टम लगाने के लिए कहा है। जहां- जहां सिस्टम लगे हैं उनका भी सर्वे किया जाएगा। जिससे ये पता चल सके कि कहां- कहां सिस्टम चालू हालत में हैं। इस बार शासन का फोकस पानी बचाने की ओर है।
हर बुधवार को होने वाली प्रमुख सचिव आवास की बैठक में रेन वाटर हार्वेस्टिंग की समीक्षा की जाती है। इससे पहले एमडीए 11 स्थानों पर रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगा चुका है। पिछले वर्ष टेंडर न आने के कारण महज एक स्थान पर ही सिस्टम लग पाया था। जिमखाना मैदान में एमडीए ने खुद अपने इंजीनियरों की मदद से इस सिस्टम को लगाया था।
मैं लगातार इस पर खुद मॉनिटरिंग कर रहा हूं। हमने विभागों को भी प्रमुख सचिव आवास के निर्देश के क्रम में पत्र भेजे हैं कि वह खुद रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने की तैयारी करें। कहीं कोई तकनीकी दिक्कत है तो हमें बताएं। मैंने इस कार्य पर मॉनिटरिंग के लिए सहायक नगर नियोजक को लगा दिया है।
- मृदुल चौधरी, एमडीए उपाध्यक्ष